चोरी व लूट की वारदातों पर पुलिस का शिकंजा, हाजरा गिरोह के दो संदिग्ध हिरासत में

दुमका और देवघर में चोरी व लूट की वारदातों को लेकर पुलिस ने हाजरा गिरोह के दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। बरामद जेवरात की जांच जारी है।

प्रतिनिधि सरैयाहाट दुमका और देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले कुछ महीनों के दौरान हुई चोरी एवं लूटपाट की वारदातों के खुलासे के करीब पुलिस पहुंचती नजर आ रही है. सूत्रों के अनुसार सरैयाहाट पुलिस ने कुख्यात हाजरा गिरोह से जुड़े दो संदिग्ध अपराधियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है. हालांकि, पुलिस फिलहाल पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए है और किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि करने से इनकार कर रही है. सूत्रों की मानें तो हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों के पास से सोने-चांदी के आभूषण समेत कई संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं. आशंका जतायी जा रही है कि बरामद जेवरात दुमका और देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई चोरी और लूट की घटनाओं से जुड़े हो सकते हैं. पुलिस अब बरामद सामान का मिलान संबंधित कांडों में दर्ज जब्ती सूची एवं पीड़ितों के बयानों से कर रही है. जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले की जांच में हंसडीहा, सरैयाहाट, तालझारी तथा देवघर जिले के मोहनपुर थाना की पुलिस संयुक्त रूप से जुटी हुई है. सरैयाहाट में दोनों संदिग्धों से लगातार पूछताछ की जा रही है. माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के सामान की खरीद-बिक्री तथा वारदात के तरीके से जुड़े कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं. सूत्रों का यह भी दावा है कि संदिग्धों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस जल्द ही अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पूछताछ में मिले तथ्यों की पुष्टि होती है, तो दुमका और देवघर जिले में हुई कई चोरी एवं लूट की घटनाओं का एक साथ खुलासा हो सकता है. इस संबंध में जब पुलिस अधिकारियों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने जांच का हवाला देते हुए कुछ भी बताने से इनकार कर दिया. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रखंड स्तर पर सक्रिय हूं, जहां मैंने जमीनी मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का कार्य किया है. ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकार से जुड़ी खबरों को निष्पक्ष और तथ्यपरक ढंग से प्रस्तुत करना मेरी प्राथमिकता रही है. पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और जनहित की आवाज बनने का निरंतर प्रयास है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >