नक्सली के नाम पर चिपकाया धमकी भरा पोस्टर, पुलिस ने कहा- असामाजिक तत्वों की करतूत

शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बेनागड़िया-कौवामहल गांव में लाल स्याही से धमकी भरे चस्पाये गये पोस्टर को पुलिस ने जब्त कर लिया है और जांच में जुट गयी है.

दुमका. जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बेनागड़िया-कौवामहल गांव में नक्सलियों के नाम से धमकी भरे कई पोस्ट चिपकाए गये हैं. लाल स्याही से धमकी भरे चस्पाये गये पोस्टर को पुलिस ने जब्त कर लिया है और जांच में जुट गयी है. नक्सलियों के नाम से लगाया यह पोस्टर कौवामहल गांव के खुर्शीद आलम के टेलर दुकान के बाहर चिपकाया गया है और उन्हें बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गयी है. पोस्टर में लिखा है खुर्शीद अंसारी, पिता- आयूब अली, तुम्हारा सालबदरा में जो जमीन निकला है वह हमारे हवाले कर दो नहीं तो तुम्हारा अंजाम बुरा होगा….भाकपा (माओवादी). इस पोस्टर के मिलने के बाद इलाके के आम लोगों में सनसनी है. पोस्टर मिलने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाज़ार गर्म है. इसकी वजह यह है कि यह पूरा इलाका पांच-छह वर्ष पहले तक अति नक्सलवाद प्रभावित रहा है. इस एरिया में कई नक्सली घटनाएं घटी है. हालांकि पिछले कुछ वर्षों से पुलिस व एसएसबी की लगातार कार्रवाई से नक्सली गतिविधियां थम गयी है और किसी तरह की कोई वारदात देखने को नहीं मिली. इसके बावजूद इस तरह के पोस्टर लोगों के लिए चर्चा का विषय बन गये हैं. सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पोस्टर को अपने कब्जे में लिया. थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने खुद मौके पर पहुंचकर पड़ताल की. उन्होंने बताया कि टेलर चलाने वाले खुर्शीद अंसारी की दुकान के बाहर पोस्टर चिपकाया गया है. खुर्शीद अंसारी से पूछताछ में पता चला कि पोस्टर में जिस सालबदरा गांव के जमीन की मांग करते हुए धमकी दी गयी है, वह जमीन नजदीक के ही सीमावर्ती पश्चिम बंगाल में है. पोस्टर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. पूरे मामले पर दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि यह किसी शरारती या असामाजिक तत्व की करतूत है. एसपी ने कहा कि इसमें दोषियों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >