प्रतिनिधि, हंसडीहा. भाटीन गांव के समीप धोबेय नदी चेकडैम में गहरे पानी में डूबने से जान गंवाने वाले दोनों स्कूली छात्रों के शवों का परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. हंसडीहा हाई स्कूल में पढ़ने वाले 10वीं के छात्र रमण कुमार (हथगढ़ निवासी) और 9वीं के छात्र उमेश सिंह (तैतरिया निवासी) अपने-अपने परिवार के इकलौते चिराग थे. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
लिखित आवेदन देकर शवों को ले गए परिजन
हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया. इस संबंध में हंसडीहा थाना पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया. कानूनी प्रक्रिया से इनकार के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए दोनों शवों को अपने साथ ले गए.
नहाने के दौरान तेज धार की चपेट में आए दोनों छात्र
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण धोबेय नदी में पानी का बहाव काफी तेज था. रविवार को दोनों छात्र अपने अन्य साथियों के साथ चेकडैम में नहाने पहुंचे थे. इसी दौरान तेज धार की चपेट में आकर दोनों चेकडैम से नीचे गिर गए और गहरे पानी में बने पिलर के बीच फंस गए.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और हंसडीहा पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय युवकों ने करीब ढाई घंटे तक कड़ी मशक्कत की. पहले एक छात्र का शव बाहर निकाला गया. इसके बाद रस्सी के सहारे गहरे पानी में उतरकर दूसरे छात्र के शव को भी बाहर निकाला गया.
पिछले वर्ष भी हो चुकी है डूबने की घटना
हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया. गांव में मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों के अनुसार, इस चेकडैम में पिछले वर्ष भी बच्चों के डूबने की घटना हो चुकी है. इसके बावजूद यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने को लेकर ग्रामीणों में चिंता है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से चेकडैम और अन्य खतरनाक जलस्रोतों के पास तत्काल चेतावनी बोर्ड लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है.
जिले में पहले भी हो चुकी हैं कई दर्दनाक घटनाएं
30 अगस्त 2021 : हंसडीहा थाना क्षेत्र के आलूबेड़ा में दो बेटों को बचाने के प्रयास में मां समेत तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई थी.
13 अगस्त 2023 : सरैयाहाट प्रखंड के पथरिया में तीन बच्चियों समेत चार लोगों की डूबने से मौत हुई थी.
29 अगस्त 2025 : दुमका स्थित मयूराक्षी नदी के मिनी गोवा में नहाने के दौरान चार किशोर छात्रों की डूबने से मौत हो गई थी.
कहते हैं अधिकारी
अंचलाधिकारी सह बीडीओ राहुल कुमार शानू ने कहा कि बरसात के मौसम में अभिभावकों को अपने बच्चों की आवाजाही और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखनी चाहिए. मंगलवार को होने वाली बैठक में सभी पंचायत सचिवों को निर्देश दिया जाएगा कि पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से नदियों, चेकडैमों और बांधों के आसपास सघन जागरूकता अभियान चलाया जाए.
