प्रतिनिधि, काठीकुंड. पहाड़िया समाज की ओर से काठीकुंड एवं गोपीकांदर प्रखंड स्थित अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालयों में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में कक्षा नौवीं एवं दसवीं के छात्र-छात्राओं को मैट्रिक परीक्षा में बेहतर अंक हासिल करने के लिए तैयारी के तरीके बताए गए. साथ ही परीक्षा के बाद आगे की पढ़ाई और विभिन्न करियर विकल्पों को लेकर भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया गया.
नियमित पढ़ाई और समय प्रबंधन पर जोर
काठीकुंड के अनुसूचित जनजाति आवासीय बालिका विद्यालय, नकटी में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को मैट्रिक परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए नियमित पढ़ाई, समय प्रबंधन और विषयवार तैयारी की रणनीति के बारे में बताया गया. विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि परीक्षा के अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय अभी से पढ़ाई का लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अभ्यास करें.
पुराने प्रश्नपत्रों के अभ्यास की दी सलाह
काउंसलिंग में बताया गया कि बेहतर अंक हासिल करने के लिए पाठ्यक्रम को समय पर पूरा करने के साथ पुराने प्रश्नपत्रों का अभ्यास, महत्वपूर्ण प्रश्नों की दोहराई और लिखकर उत्तर देने का अभ्यास जरूरी है. परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन और प्रश्नों को समझकर उत्तर लिखने पर भी विशेष जोर दिया गया.
करियर विकल्पों की भी दी जानकारी
गोपीकांदर स्थित अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भी विद्यार्थियों को मैट्रिक परीक्षा में अच्छे प्रदर्शन के लिए जरूरी तैयारी की जानकारी दी गई. कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को विषयवार कमजोरियों की पहचान कर उन पर विशेष ध्यान देने तथा शिक्षकों से अपनी शंकाओं का समाधान कराने की सलाह दी गई.
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को दसवीं के बाद उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक एवं रोजगारपरक क्षेत्रों की जानकारी भी दी गई. वक्ताओं ने कहा कि मैट्रिक के बाद विषय और करियर का चुनाव विद्यार्थियों की रुचि, क्षमता और लक्ष्य के अनुसार होना चाहिए. प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसरों के बारे में भी जानकारी दी गई.
विद्यार्थियों ने पूछे करियर से जुड़े सवाल
इस दौरान विद्यार्थियों ने करियर और परीक्षा की तैयारी से संबंधित कई सवाल पूछे. कार्यक्रम में पहाड़िया समाज के बसंत सिंह पहाड़ियां, सरायकेला-खरसावां में पदस्थापित प्रशिक्षण पदाधिकारी दीपक देहरी, पाकुड़ में पदस्थापित सुनील देहरी, रांची में पदस्थापित श्याम कृष्ण आहड़ी, मुखिया दुर्गा देहरी, अनुदेशक विवेक देहरी, शंभू देहरी, श्रवण कुमार पूजहर, महादेव देहरी, रमेश देहरी, श्याम लाल आहड़ी सहित स्कूली शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे.
