15 दिन में तीन जगह लीकेज, बांदरकोंदा में क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मती शुरू

मयुराक्षी बायांतट मुख्य नहर में बार-बार हो रहे लीकेज ने किसानों की सिंचाई व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है. बांदरकोंदा फुटबॉल मैदान के पास क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम शुरू हो गया है, जिससे जल्द ही पानी छोड़ा जाएगा.

रानीश्वर : मसानजोर डैम से निकली मयुराक्षी बायांतट मुख्य नहर (एमएलबीसी) में लगातार लीकेज की समस्या सामने आ रही है. पिछले 15 दिनों में मुख्य नहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर पानी लीकेज होने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हुई है. अब बांदरकोंदा फुटबॉल मैदान के समीप क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मती का काम शुरू कर दिया गया है.

बांदरकोंदा में लीकेज के बाद बंद कराया गया पानी

बांदरकोंदा फुटबॉल मैदान के समीप पक्की नहर से पानी लीकेज होने के बाद तीन दिन पहले नहर से पानी का बहाव बंद कराया गया था. इसके बाद सिंचाई विभाग की ओर से क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मती शुरू करायी गयी है. विभाग के अनुसार, मरम्मती कार्य पूरा होने के दो दिन बाद नहर में दोबारा पानी छोड़ा जायेगा.

15 दिनों में तीन जगह सामने आयी समस्या

इससे पहले पिछले 15 दिनों में एमएलबीसी में दो अन्य स्थानों पर भी लीकेज की समस्या सामने आयी थी. सबसे पहले मसानजोर पुराने थाना के समीप नहर से पानी लीकेज हुआ था. वहां मरम्मती के बाद नहर में पानी छोड़ा गया. इसके बाद नुड़ुईबाथान के समीप लीकेज होने से दोबारा नहर का पानी बंद कर मरम्मती करायी गयी. दोनों जगह काम पूरा होने के बाद पानी छोड़ा गया, लेकिन इसके बाद बांदरकोंदा के समीप फिर लीकेज की समस्या सामने आ गयी.

दस साल पहले हुआ था नहर का पक्कीकरण

मयुराक्षी बायांतट मुख्य नहर का करीब दस वर्ष पहले पक्कीकरण कराया गया था. यह काम सिंचाई विभाग के कमांड डेवलपमेंट एरिया (कैड) के तहत कराया गया था. पक्कीकरण के बावजूद नहर में बार-बार लीकेज की समस्या सामने आने से इसकी गुणवत्ता और टिकाऊपन पर सवाल उठ रहे हैं. लगातार मरम्मती के कारण नहर से मिलने वाली सिंचाई सुविधा भी प्रभावित हो रही है.

मरम्मती के दो दिन बाद फिर छोड़ा जायेगा पानी

विभाग के अनुसार, बांदरकोंदा के समीप क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मती का काम चल रहा है. काम पूरा होने के दो दिन बाद नहर में फिर से पानी छोड़ा जायेगा, ताकि किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By साधन सेन

वर्ष 1999 के नवंबर महीने से प्रभात खबर अखबार में पत्रकारिता शुरू की. दुमका के रानीश्वर प्रखंड से पत्रकारिता करते हुए जनहित की खबरों को प्राथमिकता देना, हमेशा मेरा ध्येय रहा है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >