दुमका: महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में महाराष्ट्र पुलिस की टीम दुमका पहुंची. हंसडीहा थाना पुलिस के सहयोग से टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों को अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सह विशेष न्यायाधीश मोहित चौधरी की अदालत में पेश किया गया, जहां से तीनों को 72 घंटे के ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया गया.
मोबाइल लोकेशन के आधार पर हंसडीहा पहुंची पुलिस
बुलढाणा जिले की स्थानीय अपराध शाखा और बोराखेड़ी थाना पुलिस की टीम फरार आरोपियों की तलाश में हंसडीहा थाना क्षेत्र पहुंची थी. बताया गया कि आरोपियों की मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम को उनकी मौजूदगी की जानकारी मिली. इसके बाद स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के सहयोग से आरोपियों की तलाश शुरू की गयी.
रेलवे पटरी के पास तीनों को दबोचा
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजू उर्फ कट्टर अडमास पवार, अजय उर्फ गजानन अडमास पवार और चरण शंकर पवार को रेलवे पटरी के पास से गिरफ्तार किया. राजू उर्फ कट्टर अडमास पवार की उम्र 28 वर्ष, अजय उर्फ गजानन अडमास पवार की उम्र 22 वर्ष और चरण शंकर पवार की उम्र 30 वर्ष बतायी गयी है. दस्तावेज के अनुसार तीनों महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के रहने वाले हैं.
कन्फेशनल बयान और मोबाइल लोकेशन से मिली जानकारी
बताया गया कि आरोपियों की गिरफ्तारी उनके भाई के कथित कन्फेशनल बयान से मिली जानकारी और मोबाइल लोकेशन के आधार पर की गयी. पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी अपराध के बाद हंसडीहा क्षेत्र में माला बेचने का काम कर रहे थे. इसी दौरान उनकी मौजूदगी की जानकारी महाराष्ट्र पुलिस को मिली.
परिजनों ने पुलिस टीम से विवाद की कोशिश की
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के परिजनों को सूचना देने के लिए लिखित कार्रवाई की जा रही थी. इसी दौरान आरोपियों के कुछ परिजनों और अन्य लोगों द्वारा पुलिस टीम के साथ विवाद करने तथा पुलिसकर्मियों पर हमला करने का प्रयास किए जाने का भी स्टेशन डायरी में उल्लेख है. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की.
72 घंटे के ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र ले गयी पुलिस
न्यायालय में पेशी के बाद तीनों आरोपियों को 72 घंटे के ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया गया. रिमांड मिलने के बाद महाराष्ट्र पुलिस तीनों आरोपियों को अपने साथ लेकर महाराष्ट्र रवाना हो गयी.
