मसलिया सीएचसी में कायाकल्प टीम की पड़ताल, खामियों पर जतायी नाराजगी

राज्य स्तरीय कायाकल्प टीम ने मसलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता और मरीज सेवाओं की बिंदुवार पड़ताल की. निरीक्षण के दौरान कुछ खामियों पर टीम ने नाराजगी भी जताई.

मसलिया : मसलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मंगलवार को राज्य स्तरीय कायाकल्प टीम ने पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की. टीम ने उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई, स्वच्छता, रखरखाव एवं मरीजों को मिल रही सेवाओं का बिंदुवार निरीक्षण किया. राज्य स्तर से नामित टीम में डॉ. सरिता लकड़ा एवं सरत पांडेय शामिल थे. निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल के विभिन्न कक्षों और परिसर का जायजा लेते हुए स्वास्थ्यकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए.

प्रसव गृह की व्यवस्था परखी, सुविधाएं सुदृढ़ करने पर जोर

टीम ने सबसे पहले प्रसव गृह का निरीक्षण किया और वहां प्रसूताओं को मिल रही सुविधाओं, स्वच्छता एवं रखरखाव की स्थिति देखी. व्यवस्था पर संतोष जताते हुए टीम ने सुविधाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया. इसके बाद भंडार कक्ष का निरीक्षण कर दवाओं और उपकरणों को व्यवस्थित तरीके से रखने तथा स्टॉक पंजी का नियमित संधारण करने की हिदायत दी.

औषधीय पौधों की देखरेख के लिए कर्मी को जिम्मेदारी

अस्पताल परिसर में औषधीय पौधों की बागवानी की जानकारी लेते हुए टीम ने इसके लिए एक कर्मी को विशेष जिम्मेदारी सौंपने को कहा. टीम ने पौधों की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि परिसर की व्यवस्था बेहतर बनी रहे.

जागरूकता पोस्टर नहीं मिलने पर जतायी नाराजगी

जांच केंद्र में जागरूकता संबंधी पोस्टर नदारद रहने पर टीम ने नाराजगी जतायी और मरीजों की सुविधा के लिए अविलंब पोस्टर लगाने का निर्देश दिया. इसके अलावा अस्पताल परिसर में बिजली ट्रांसफार्मर के आसपास उगी झाड़ियों की सफाई कराने, छत से पानी के रिसाव को तुरंत दुरुस्त कराने तथा अस्पताल के अन्य हिस्सों के रखरखाव को बेहतर करने के निर्देश दिए गए.

स्वच्छ वातावरण मरीजों के स्वास्थ्य लाभ के लिए जरूरी

टीम ने कहा कि स्वच्छ वातावरण मरीजों के त्वरित स्वास्थ्य लाभ के लिए आवश्यक है. निरीक्षण के दौरान सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह, डॉ. विकास कुमार, इंद्रजीत कुमार, केशव यादव सहित कई चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मिलन कुमार साधु

मिलन कुमार साधु वर्ष 2010 से प्रभात खबर से जुड़कर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत मसलिया प्रखंड के दलाही प्रतिनिधि के रूप में की थी. वर्तमान में वे प्रभात खबर के मसलिया प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं. सामाजिक, प्रशासनिक, राजनीतिक, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा जनसरोकार से जुड़े विषयों पर निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के संकलन एवं प्रकाशन में उनकी विशेष रुचि रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >