काठीकुंड: सावन की तीसरी सोमवारी पर काठीकुंड स्थित बाबा दानीनाथ मंदिर में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से ही मंदिर परिसर में कांवरियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा. शिकारीपाड़ा के पंचवाहिनी नदी और गोपीकांदर के तिरुपतिया नदी से पवित्र जल भरकर सैकड़ों श्रद्धालु बाबा दानीनाथ के दरबार में जलार्पण करने पहुंचे.
बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा रास्ता
पवित्र जल लेकर निकले कांवरियों के जत्थे रास्ते भर बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष लगाते हुये काठीकुंड पहुंचे. कई श्रद्धालु समूह में पैदल यात्रा कर मंदिर पहुंचे और बाबा दानीनाथ पर जल चढ़ाकर विधिवत पूजा-अर्चना की.
तीसरी सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा. पंचवाहिनी और तिरुपतिया नदी से जल लेकर आने वाले कांवरियों के कारण काठीकुंड की सड़कों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही. कांवरियों के विभिन्न जत्थों में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु भी शामिल रहे.
बाबा दानीनाथ का जलाभिषेक करने के बाद श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की कामना की. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा .
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुये मंदिर परिसर और आसपास पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की गयी. श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराया गया, ताकि जलाभिषेक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.
