हंसडीहा : बासुकिनाथ धाम में जलार्पण कर लौट रहे कांवरियों की भीड़ इन दिनों हंसडीहा मुख्य चौराहे पर स्थित शराब दुकान में भी नजर आ रही है. स्थानीय लोगों का दावा है कि जलार्पण के बाद लौटने वाले कई कांवरिया यहां रुककर शराब की खरीदारी कर रहे हैं. सावन में कांवरियों की बढ़ी आवाजाही के बीच शराब की बिक्री में भी जबर्दस्त इजाफा होने की बात कही जा रही है.
चौराहे पर शराब दुकान, मंदिर से महज दस मीटर की दूरी
बताया जाता है कि करीब एक माह पहले शराब दुकान को बाजार से हटाकर हंसडीहा मुख्य चौराहे पर स्थानांतरित किया गया है. दुकान चौराहे पर स्थित हनुमान मंदिर से महज करीब दस मीटर की दूरी पर है. सावन में बिहार समेत आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में कांवरिया हंसडीहा होकर बासुकिनाथ धाम पहुंचते हैं.
जलार्पण के बाद लौटते कांवरिये दुकान पर रुक रहे
स्थानीय लोगों के अनुसार, बासुकिनाथ में जलार्पण करने के बाद वापस लौटते समय कई कांवरिया हंसडीहा में रुकते हैं और मुख्य चौराहे की शराब दुकान से शराब की खरीदारी करते हैं. इससे सावन के दौरान दुकान पर ग्राहकों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ गयी है. लोगों का दावा है कि कांवरियों की आवाजाही के साथ शराब की बिक्री में भी जबर्दस्त इजाफा हुआ है.
धार्मिक स्थल के समीप दुकान को लेकर नाराजगी
मुख्य चौराहे पर शराब दुकान खुलने को लेकर स्थानीय लोगों में पहले से ही नाराजगी है. लोगों का कहना है कि दुकान हनुमान मंदिर के बेहद करीब है और सावन में यह चौराहा कांवरियों की आवाजाही का प्रमुख मार्ग बन जाता है. ऐसे में धार्मिक स्थल के समीप शराब की दुकान संचालित होने से धार्मिक माहौल प्रभावित हो रहा है.
शराब पीकर वाहन चलाने से हादसे का खतरा
स्थानीय लोगों ने यह भी चिंता जतायी कि शराब खरीदने के बाद वाहन चलाने से सड़क दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है. सावन के दौरान हंसडीहा चौराहे पर कांवरियों और वाहनों की आवाजाही बढ़ जाने से लोगों की चिंता और बढ़ गयी है. स्थानीय लोगों ने धार्मिक स्थल के समीप शराब दुकान के संचालन को लेकर सवाल उठाये हैं.
