Holi News : दुमका में धूमधाम से हुआ होलिका दहन

होली त्योहार की शुरुआत होलिका दहन से होती है. रंगों का त्योहार होली को लेकर दुमका में लोगों में उत्साह का माहौल है.

दुमका नगर. रंगों का त्योहार होली को लेकर दुमका में लोगों में उत्साह का माहौल है. होली त्योहार की शुरुआत होलिका दहन से होती है. गुरुवार को देर रात होलिका दहन कार्यक्रम शहर में धूमधाम के साथ मनाया गया. इसको लेकर शहर के बच्चों एवं युवाओं द्वारा चौक-चौराहों पर लकड़ी और गोयठा का ढेर जमा कर उसे जला कर होलिका दहन की रस्म को पूरा किया गया. मारवाड़ी समाज में होलिका दहन का विशेष महत्त्व है. यहां पूरे विधि विधान के साथ होलिका दहन किया जाता है. मारवाड़ी समाज द्वारा यहां के अग्रसेन भवन चौक पर होलिका दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है. इसके लिए महिलाएं गोबर की बड़कुला और होलिका तैयार करती हैं. महिलाओं द्वारा तैयार बड़कुला व होलिका को शहर के अग्रसेन भवन चौक पर जमा करते हैं और पूरे विधि विधान के साथ होलिका दहन किया जाता है. मारवाड़ी समाज में होलिका दहन को नवविवाहित महिलाओं के लिए शुभ माना जाता है. होलिका दहन के दिन महिलाएं और नव विवाहिता होलिका पूजन के लिए जाती हैं. नवविवाहिता होलिका की परिक्रमा कर अपने सुखमय जीवन की कामना करती हैं. होलिका दहन के दिन महिलाएं अरंडी के पेड़ को भक्त प्रह्लाद का रूप मान कर उसकी पूजा करती हैं. मारवाड़ी समाज में होलिका दहन के बाद गणगौर उत्सव का आयोजन होता है. महिलाएं माता गणगौर की पूजा के लिए होलिका की राख अपने घर लाती हैं. दुमका में मारवाड़ी समाज की ओर से पूरे धूमधाम से होलिका दहन किया जाता है. इस बार भी पूरे विधि-विधान के साथ होलिका दहन की तैयारी की गयी. इसके साथ ही शहर के कई जगहों पर होलिका दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया. इनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. नवजात बच्चों को होलिका की परिक्रमा करायी गयी. शहर के टीन बाजार चौक, पोखरा चौक, रसिकपुर चौक, डंगालपाड़ा चौक, टाटा शोरूम चौक, दुधानी चौक सहित अन्य जगहों पर होलिका दहन किया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAKESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >