हंसडीहा की बहू खुशबू कुमारी को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

खुशबू कुमारी, हंसडीहा की बहू और बांका की प्रधान शिक्षिका, को शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें नई दिल्ली में पुरस्कृत किया. उनकी बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धति और नवाचारों ने बच्चों की उपस्थिति को 90% तक बढ़ाया है.

हंसडीहा : शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धति, तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल और सामाजिक सरोकारों के लिए हंसडीहा-भागलपुर रोड निवासी मनोहर प्रसाद साह एवं शीला देवी की पुत्रवधू तथा मनीष कुमार आनंद की पत्नी खुशबू कुमारी को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया है. उन्हें पांच सितंबर को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया. खुशबू कुमारी मूल रूप से बांका जिले की रहने वाली हैं और विवाह के बाद उनका संबंध हंसडीहा से जुड़ा है. उनकी उपलब्धि से हंसडीहा सहित पूरे दुमका क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है.

बांका के विद्यालय में प्रधान शिक्षिका हैं खुशबू

खुशबू कुमारी वर्तमान में बांका प्रखंड के उर्दू प्राथमिक विद्यालय, बिदायडीह में प्रधान शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं. उनके प्रयासों से विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति करीब 40-50 प्रतिशत से बढ़कर 90 प्रतिशत से अधिक हुई है. वहीं नियमित गणवेश में आने वाले बच्चों का प्रतिशत भी बढ़कर 100 हो गया है. उन्होंने विद्यालय में गतिविधि आधारित और बाल-केंद्रित शिक्षण को बढ़ावा दिया है. इसमें खेल, गीत, नृत्य, रचनात्मक गतिविधियों और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल किया जाता है.

‘मात्रा का ज्ञान हुआ आसान’ चर्चित नवाचार

खुशबू कुमारी का चर्चित नवाचार ‘मात्रा का ज्ञान हुआ आसान’ है. इसके माध्यम से गीत, नृत्य और खेल के जरिए बच्चों को हिंदी की मात्राएं सिखाई जाती हैं. इसके अलावा ICT और डिजिटल तकनीक के माध्यम से उनके शैक्षणिक प्रयोगों और नवाचारों को व्यापक स्तर पर साझा किया जाता है. विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनसे 10 लाख से अधिक लोग जुड़े हुए हैं.

बाल सुरक्षा और स्वच्छता के लिए भी जागरूकता अभियान

खुशबू कुमारी बच्चों की नैतिक शिक्षा, स्वच्छता, अनुशासन और ‘गुड टच-बैड टच’ जैसे बाल सुरक्षा संबंधी विषयों पर भी जागरूकता अभियान चलाती हैं. विद्यालय आने-जाने के दौरान बच्चों को उफनती नदी से होने वाली परेशानी को देखते हुए उन्होंने प्रशासन के समक्ष पुल की आवश्यकता का मुद्दा उठाया, जिसके बाद डायवर्शन का निर्माण कराया गया.

अभिभावकों और समुदाय से बनाया मजबूत संबंध

अभिभावकों से नियमित संवाद, घर-घर संपर्क और समुदाय की सहभागिता के जरिए उन्होंने विद्यालय और समाज के बीच भी मजबूत संबंध स्थापित किया. शिक्षा, तकनीक, नवाचार और सामाजिक सरोकारों को एक साथ लेकर किए गए उनके प्रयासों ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है.

हंसडीहा-दुमका में खुशी का माहौल

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिलने पर हंसडीहा एवं दुमका क्षेत्र के लोगों ने खुशबू कुमारी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अनिल कुमार चौधरी

वर्ष 2004 अप्रैल से दैनिक अखबार हिंदुस्तान से पत्रकारिता शुरू की. इसके बाद वर्ष 2013 के अक्टूबर माह से दैनिक अखबार प्रभात खबर में पत्रकारिता को लेकर योगदान किया. अपने थाना क्षेत्र से घटना, दुर्घटना, जन समस्याओं, प्रशासनिक कार्यक्रमों के अलावा अन्य विषयों से जुड़ी खबरों को प्रमुखता ईमानदारी से रखा. जिससे आम लोगों को लाभ मिल सके.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >