हंसडीहा: हंसडीहा से गोड्डा जाने वाला एनएच 133 इन दिनों वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है. सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
सबसे अधिक परेशानी टोटो, ऑटो और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है. गड्ढों में पानी भर जाने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और वाहन असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक माह से सड़क की यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन अब तक मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है.
विडंबना यह है कि इसी मार्ग से दो मंत्री, स्थानीय सांसद और विधायक का आवागमन होता है, इसके बावजूद सड़क की बदहाली दूर नहीं हो सकी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है.
वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग की देखरेख से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि सड़क मरम्मत का टेंडर हो चुका है. ऐसे में किसी अन्य एजेंसी से कार्य कराना संभव नहीं है. उनका यह भी कहना है कि सड़क किनारे लोगों द्वारा मिट्टी और मोरंग डाल देने से जल निकासी बाधित हो रही है, जिसके कारण सड़क पर जलजमाव की समस्या बढ़ रही है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत, गड्ढों को भरने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि आए दिन हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
