दलाही : गोविंदपुर-साहेबगंज हाईवे पर हेमंतपुर गांव के पास तेज रफ्तार मछली लदा पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में आगे चल रही कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. राहत की बात रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
ओडिशा से फरक्का जा रही थी 10 क्विंटल मछली
पिकअप वैन ओडिशा से करीब 10 क्विंटल मछली की 43 पेटियां लेकर पश्चिम बंगाल के फरक्का जा रहा था. हेमंतपुर के पास तीव्र मोड़ पर चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा. चालक सह मालिक फिरोज खान के अनुसार, जल्दबाजी में आगे चल रही कार को पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद वैन सड़क पर पलट गया.
सड़क पर बिखरी मछलियां, जुटी भीड़
वैन के पलटते ही मछलियों की पेटियां टूट गयीं और काफी मात्रा में मछलियां सड़क पर बिखर गयीं. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गये. हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा.
