दुमका के गोपीकांदर में 11000 वोल्ट तार की चपेट में आया कंटेनर, जलकर हुआ राख

Dumka News: दुमका जिले के गोपीकांदर थाना क्षेत्र में हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से कंटेनर में आग लग गई. कंटेनर में बिस्कुट, केक, चॉकलेट और अन्य पार्सल लदा हुआ था. आग की वजह से कंटेनर में लदा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया. स्थानीय निवासियों की मदद से आग पर काबू पाया गया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

गोपीकांदर से पंकज मंडल की रिपोर्ट

Dumka News: झारखंड के दुमका जिले के गोपीकांदर थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा सामने आया है. गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर कुश्चिरा पेट्रोल पंप के पास डाक पार्सल ले जा रहे एक कंटेनर में अचानक आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि वाहन का केबिन और आगे के दोनों टायर पूरी तरह जलकर राख हो गए.

कैसे हुआ हादसा

कंटेनर चालक आनंद कुमार ने बताया कि वह सड़क किनारे वाहन खड़ा कर टायर में फंसी गिट्टी निकाल रहे थे. इसी दौरान पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की अर्थिंग वाहन के संपर्क में आ गई. इससे अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते वाहन से धुआं निकलने लगा. कुछ ही पलों में आग भड़क उठी और पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया.

देखते ही देखते जल गया पूरा वाहन

आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला. कुछ ही देर में कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह जल गया. केबिन, टायर और आगे का ढांचा राख में तब्दील हो गया. घटना के समय सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर जुट गए.

स्थानीय लोगों की मदद से बुझी आग

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई. बीजीआर कंपनी के पेट्रोलिंग मैनेजर मनोज चांद और थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत के सहयोग से पानी टैंकर मंगाया गया. काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कंटेनर पूरी तरह जल चुका था.

रांची से सिलीगुड़ी जा रहा था कंटेनर

चालक ने बताया कि वह रांची से सिलीगुड़ी की ओर जा रहे थे. कंटेनर में बिस्कुट, केक, चॉकलेट और अन्य पार्सल सामान लदा हुआ था. इस हादसे में पूरे सामान के जलने की आशंका जताई जा रही है, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.

इसे भी पढ़ें: इटखोरी में तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो युवकों की मौत, दो परिवारों में छाया मातम

बिजली तार और सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना के बाद हाईवे किनारे गुजर रहे हाई वोल्टेज तारों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के खुले और नीचे झुके तार कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं. जरूरत है कि प्रशासन और बिजली विभाग ऐसे संवेदनशील स्थानों की पहचान कर सुरक्षा उपायों को मजबूत करें, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.

इसे भी पढ़ें: पतरातू डैम में बोटिंग पर लगी रोक, अब बिना शपथ पत्र के नहीं चलेगी नाव

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >