दुमका में मालगाड़ी का इंजन फेल, नोनीहाट-बारापलासी रेलखंड पर दो घंटे थमा रेल परिचालन

हंसडीहा-नोनीहाट रेलखंड पर मालगाड़ी का इंजन फेल होने से वंदे भारत समेत कई ट्रेनें घंटों फंसी रहीं. दुमका से अतिरिक्त इंजन मंगाकर परिचालन सामान्य किया गया.

हंसडीहा (दुमका): नोनीहाट और बारापलासी रेलवे स्टेशनों के बीच बुधवार शाम तेज बारिश के दौरान एक मालगाड़ी का इंजन फेल होने से करीब दो घंटे तक रेल परिचालन पूरी तरह ठप रहा. मुख्य ट्रैक पर मालगाड़ी खड़ी हो जाने से जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस, गोड्डा-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस और हावड़ा-जमालपुर कविगुरु एक्सप्रेस समेत कई यात्री ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर घंटों फंसी रहीं. इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

कई ट्रेनों का परिचालन हुआ बाधित

जानकारी के अनुसार, गोड्डा की ओर जा रही मालगाड़ी सिंगल इंजन के सहारे चल रही थी. नोनीहाट स्टेशन पहुंचने से पहले तेज बारिश के दौरान इंजन में तकनीकी खराबी आ गई. चालक ने ट्रेन रोक दी, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद इंजन दोबारा चालू नहीं हो सका. इसके कारण मालगाड़ी नोनीहाट और बारापलासी स्टेशनों के बीच मुख्य लाइन पर खड़ी रह गई और इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया.

लंबे समय तक नहीं चलने से परेशान रहे यात्री

परिचालन ठप होने से हंसडीहा स्टेशन पर जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस (22310) करीब दो घंटे तक रुकी रही. नोनीहाट स्टेशन पर गोड्डा-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस (18620) को रोकना पड़ा, जबकि बारापलासी स्टेशन पर हावड़ा-जमालपुर कविगुरु एक्सप्रेस (13015) भी लगभग दो घंटे तक खड़ी रही. ट्रेनों के लंबे समय तक नहीं चलने से यात्री परेशान रहे और रेलवे कर्मियों से विलंब का कारण पूछते रहे.

ये भी पढ़ें- धनबाद में चोर को पकड़ने के बाद पुलिस टीम पर हमला, भूली ओपी के SI हरिप्रकाश मिश्रा घायल

दुमका से मंगाया गया अतिरिक्त इंजन

रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर इंजन की खराबी दूर करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर दुमका से अतिरिक्त इंजन मंगाया गया. अतिरिक्त इंजन की सहायता से मालगाड़ी को पुश कर नोनीहाट स्टेशन तक लाया गया. इसके बाद मुख्य ट्रैक खाली कराया गया और चरणबद्ध तरीके से रेल परिचालन सामान्य किया गया. घटना के बाद तकनीकी टीम ने इंजन की जांच शुरू कर दी है.

घंटों देर से स्टेशन पहुंची कई ट्रेनें

परिचालन बाधित होने के कारण गोड्डा-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस दुमका स्टेशन शाम 5:40 बजे के बजाय रात 8:04 बजे पहुंची. जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस भी दुमका करीब दो घंटे की देरी से पहुंची, जबकि हावड़ा-जमालपुर कविगुरु एक्सप्रेस हंसडीहा स्टेशन 3 घंटे 14 मिनट की देरी से पहुंची. यात्रियों को यात्रा के दौरान लंबा इंतजार करना पड़ा.

ये भी पढ़ें- धू-धूकर जला चांडिल का यदुवंशी होटल, जान बचाकर भागे ग्राहक


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अनिल कुमार चौधरी

वर्ष 2004 अप्रैल से दैनिक अखबार हिंदुस्तान से पत्रकारिता शुरू की. इसके बाद वर्ष 2013 के अक्टूबर माह से दैनिक अखबार प्रभात खबर में पत्रकारिता को लेकर योगदान किया. अपने थाना क्षेत्र से घटना, दुर्घटना, जन समस्याओं, प्रशासनिक कार्यक्रमों के अलावा अन्य विषयों से जुड़ी खबरों को प्रमुखता ईमानदारी से रखा. जिससे आम लोगों को लाभ मिल सके.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >