150 का परमिट, 33 पेड़ों पर और चली आरी! वन विभाग ने लकड़ी लदा ट्रक जब्त

रानीश्वर के आसनबनी में परमिट से अधिक पेड़ काटने के मामले में वन विभाग ने लकड़ी से लदा एक ट्रक जब्त किया है. विभाग मामले की गहन जांच कर रहा है.

रानीश्वर : आसनबनी वन क्षेत्र के चोपाबाथान मौजा में परमिट से अधिक पेड़ काटे जाने के मामले में वन विभाग ने लकड़ी लदा ट्रक जब्त किया है. जब्त ट्रक को फिलहाल आसनबनी वन परिसर में रखा गया है. वन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है.

जंगल के पास पड़ा लकड़ी | Prabhat Khabar Network

150 पेड़ों की मिली थी अनुमति, 33 पेड़ अतिरिक्त काटने का आरोप

जानकारी के अनुसार, पिछले शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के वर्धमान के एक लकड़ी कारोबारी ने चोपाबाथान मौजा में पेड़ काटने के लिए वन विभाग से परमिट लिया था. आरोप है कि परमिट में स्वीकृत संख्या से अधिक पेड़ काटे गये. इस संबंध में चोपाबाथान गांव के राजकुमार राय ने वन विभाग में लिखित शिकायत की थी.

शिकायत के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम

शिकायत मिलने के बाद आसनबनी वन क्षेत्र के वनपाल तरणी मंडल टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान लकड़ी लदा ट्रक रानीश्वर थाना से जब्त कर आसनबनी वन परिसर में रखा गया. जानकारी के अनुसार, लकड़ी कारोबारी को चोपाबाथान मौजा में 150 पेड़ काटने की अनुमति मिली थी. आरोप है कि इसके अतिरिक्त पास ही राजकुमार राय की जमीन पर भी बिना अनुमति के 33 पेड़ काटकर ट्रक पर लोड कर दिये गये.

जमीन और ट्रक पर मिली काफी मात्रा में लकड़ी

मौके पर जांच के दौरान काटे गये पेड़ों की लकड़ियां काफी मात्रा में जमीन पर पड़ी मिलीं. इसके अलावा ट्रक पर लोड की जा रही जगह पर भी लकड़ी पड़ी हुई थी. वन विभाग की प्रारंभिक जांच में ट्रांजिट परमिट में दर्ज मात्रा से अधिक लकड़ी काटे जाने और लोड किये जाने की बात सामने आयी है.

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

वन विभाग के अनुसार, फिलहाल मामले की जांच जारी है. मौके पर काटे गये पेड़ों और ट्रक पर लदी लकड़ियों का मिलान किया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By साधन सेन

वर्ष 1999 के नवंबर महीने से प्रभात खबर अखबार में पत्रकारिता शुरू की. दुमका के रानीश्वर प्रखंड से पत्रकारिता करते हुए जनहित की खबरों को प्राथमिकता देना, हमेशा मेरा ध्येय रहा है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >