पांच जनवरी को रांची में मनरेगा बचाओ रैली करेगी कांग्रेस : प्रदीप

वर्ष 2005 में यूपीए गठबंधन की सरकार ने मनरेगा कानून लागू किया था, जिसका उद्देश्य गरीबों और मजदूरों को रोजगार की गारंटी देना था.

दुमका नगर. कांग्रेस विधायक दल के नेता सह पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने कहा है कि पार्टी 5 जनवरी को रांची में मनरेगा बचाओ अभियान रैली करेगी. दुमका कांग्रेस भवन में शनिवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री यादव ने केंद्र सरकार पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में यूपीए गठबंधन की सरकार ने मनरेगा कानून लागू किया था, जिसका उद्देश्य गरीबों और मजदूरों को रोजगार की गारंटी देना था. इस योजना के तहत केंद्र सरकार 90 प्रतिशत राशि वहन करती थी, जबकि केवल 10 प्रतिशत बोझ राज्य सरकारों पर था. इससे ग्रामीण गरीबों, दलितों, आदिवासियों और मजदूर वर्ग को सीधा लाभ मिला, लेकिन वर्तमान में केंद्र की मोदी सरकार मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाकर उनके योगदान को धूमिल करना चाहती है. श्री यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने मनरेगा के स्वरूप में बदलाव कर राज्यों पर 40 प्रतिशत तक का वित्तीय बोझ डाल दिया है. साथ ही मांग आधारित रोजगार व्यवस्था को समाप्त कर बजट आधारित प्रणाली लागू कर दी गयी है, जिससे रोजगार की गारंटी कमजोर हो रही है. उन्होंने कहा कि यह बदलाव गरीबों और मजदूरों के हितों के खिलाफ है और इसके पीछे केंद्र सरकार की मंशा मनरेगा को धीरे-धीरे खत्म करने की है. कांग्रेस विधायक दल के नेता ने कहा कि कोरोना काल में जब देशभर में लॉकडाउन के कारण सब कुछ बंद था, तब मनरेगा ही एकमात्र ऐसी योजना थी, जिसने लाखों लोगों को उनके गांवों में रहकर काम और सम्मानजनक आजीविका दी. आज उसी योजना को कमजोर किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी. उन्होंने जानकारी दी कि 5 जनवरी को मोरहाबादी स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल से लोक भवन तक विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी. इस पदयात्रा में झारखंड के विभिन्न जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान, मजदूर और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे. दुमका जिले से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के रांची पहुंचने की तैयारी की जा रही है. प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिला अध्यक्ष स्टीफन मरांडी, भूतपूर्व जिलाध्यक्ष महेश राम चंद्रवंशी, मनोज अंबष्ठ, महबूब आलम, विलियम टुडू, अरविंद यादव, कुंदन यादव, खुर्शीद आलम, सुनील किस्कू, अशोक यादव सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Binay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >