दुमका : नगर थाना क्षेत्र के दुधानी कुरूवा स्थित एक हॉस्टल की बाउंड्री के अंदर खड़ी हीरो ग्लैमर बाइक चोरी हो गयी. मामले में शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र निवासी दीपा कुमारी ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है.
23 अगस्त को हॉस्टल के बाहर खड़ी की थी बाइक
दर्ज शिकायत के अनुसार, आवेदिका के पिता के मित्र पानेश्वर मुर्मू 23 अगस्त 2026 को निजी काम से अपनी हीरो ग्लैमर बाइक (रजिस्ट्रेशन संख्या JH 04 R 1925) लेकर दुमका बाजार पहुंचे थे. काम समाप्त होने के बाद उन्होंने बाइक को दुधानी कुरूवा स्थित अपने बेटे के हॉस्टल के मकान के आगे चहारदीवारी के अंदर खड़ा कर दिया और मेन गेट बंद कर दिया.
रात 10 बजे तक बाउंड्री में थी बाइक
24 अगस्त की रात करीब 10 बजे तक बाइक बाउंड्री के अंदर सुरक्षित खड़ी देखी गयी थी. 25 अगस्त की सुबह जब लोग जागे, तो बाउंड्री का मुख्य गेट खुला मिला. अंदर से बाइक गायब थी. आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन और पूछताछ की गयी, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला.
कांड संख्या 163/26 के तहत प्राथमिकी
बाइक नहीं मिलने के बाद मामले की सूचना नगर थाना पुलिस को दी गयी. पुलिस ने आवेदन के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 163/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
चेसिस-इंजन नंबर के आधार पर तलाश
पुलिस चोरी गयी बाइक की बरामदगी और चोरों की पहचान के लिए छानबीन कर रही है. बाइक के चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर उसके बारे में पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
