पंचायत में बात नहीं बनने पर थाना में मामला दर्ज
पुलिस युवक की गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी
काठीकुंड : काठीकुंड थाना क्षेत्र के एक गांव की 12 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. प्राथमिकी के अनुसार नाबालिग अपने घर में सोयी हुई थी और उसके परिजन कहीं बाहर गये हुए थे. मौके का फायदा उठा कर गांव का ही अजय वैध उसके घर में घुस आया और नाबालिग के साथ छेड़छाड़ करने लगा. शोर मचाने पर पड़ाेसी मौके पर पहुंचे और आरोपी युवक को धर दबोचा. घटना के बाद गांव में बैठक कर मामला निबटाने के लिए नाबालिग के पिता आरोपी युवक के घर पहुंचे,
तो उसके साथ वहां मारपीट की गयी. जिसके बाद मामला थाना पहुंचा. थाना प्रभारी सचिन कुमार दास ने बताया कि घटना को लेकर भादवि की धारा 452, 354 बी, 323, 504 व पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर भी छापेमारी की गयी, लेकिन आरोपी फरार हो चुका है. जल्द ही आरोपी कानून की गिरफ्त में होगा.
