बासुकिनाथ : झारखंड विकास मोरचा जरमुंडी प्रखंड इकाई के बैनर तले शुक्रवार को स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर पार्टी प्रदेश महसचिव सह पौड़ेयाहाट विधायक प्रदीप यादव, जरमुंडी विधायक बादल पत्रलेख एवं पूर्व विधायक देवेंद्र कुंवर ने प्रखंड कार्यालय के सामने संयुक्त रूप से धरना प्रदर्शन किया. अवसर पर झाविमो के प्रदेश महासचिव प्रदीप यादव ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार से राज्य की जनता का भला संभव नहीं है. सरकार की गलत नीतियों के कारण राज्य की जनता सुखी से नहीं रह सकती. जनता त्राहिमाम है. यह सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है, जनता के न्याय के लिए आंदोलन चलाया जायेगा.
बालेश्वर खिरहर के साथ पुलिस की मारपीट की घटना की निंदा करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के विरोध में अविलंब कार्रवाई की मांग की. कहा करीब डेढ़ माह होने को है बावजूद दोषी पुलिस पदाधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है. पीड़ित बालेश्वर को न्याय मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि छठ पूजा तक यदि कोई कारवाई नहीं हुई तो विरोध में आंदोलन किया जायेगा. कार्यक्रम का संचालन झविमो के प्रखंड अध्यक्ष जयकांत मंडल ने किया. पार्टी केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य रविकांत मिश्रा, नगर अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, जदयु के जिला अध्यक्ष रंजीत जयसवाल, जिला परिषद सदस्य चंद्रशेखर यादव, अशोक यादव, सत्या यादव, हेमंत स्वर्णकार, प्रमोद कुमार राउत, विकास यादव, संजय यादव सहित काफी संख्या में लोग जुटे थे.
