बोआरीजोर : ललमटिया थाना क्षेत्र के डकैता मिशन के पास ऑटो पलटने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी. इस घटना में अन्य तीन लोग घायल हो गये. मृतक की पहचान घोरीकित्ता गांव निवासी रंजीत दास (35) के रूप में की गयी. सभी घायलों को महगामा रेफरल अस्पताल में भरती कराया गया है. ऑटो सवारी लेकर बोआरीजोर से ललमटिया की ओर जा रही थी. इस दौरान डकैता मिशन के पास अनियंत्रित होकर पलट गयी.
इस घटना में घोरीकित्ता गांव निवासी रंजीत की मौत हो गयी. वहीं डोय गांव निवासी सुरेश प्रसाद दास, गोराडीह गांव निवासी मुर्शीद अंसारी व बाराहाट निवासी मुन्नी देवी घायल हो गये. स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों काे महगामा रेफरल अस्पताल में भरती कराया गया. घटना के बाद ऑटो चालक फरार हो गया. ललमटिया थाना प्रभारी हरिनारायण सिंह ने बताया कि ऑटो अनियंत्रित हो जाने से ही पलटी. ऑटो को जब्त कर लिया गया है. शव को सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
