दुमका के टीन बाजार जेवरात दुकान में एक लाख की चोरी
मंगलसूत्र का दिया एक हजार एडवांस
दुकान के सीसीटीवी में फुटेज कैद
दुकान मालिक की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी
दुमका कोर्ट : शहर के टीन बाजार चौक स्थित जायसवाल ज्वेलर्स से शनिवार को एक लाख के जेवरात ग्राहक बनकर आये दो अज्ञात लोगों ने उड़ा लिया. प्रतिष्ठान मालिक मनोज जायसवाल ने नगर थाना में घटना को लेकर नगर थाना में लिखित शिकायत की है. जिसमें उन्होंने बताया कि दोपहर के वक्त जब उनके छोटे भाई संजय दुकान में बैठे हुए थे, तब दो व्यक्ति उनके दुकान में आये थे. उनमें से एक ने पूरी दाढ़ी रखी थी और दूसरे ने फ्रेंच कट.
उन्होंने पहले सोने की चेन मांगी, फिर लॉकेट दिखाने को कहा. उसके बाद वे मंगलसूत्र का एक के बाद एक डिजाइन देखने लगे और दुकानदार व स्टाफ को दिग्भ्रमित कर दिया. उनलोगों ने दुकान में मंगलसूत्र सहित अन्य जेवरात देखा. इसके बाद वे लोग एक हजार रुपये देकर पसंद किये गये एक लाॅकेट का एडवांस देने तथा पत्नी को साथ में लेकर आने के बाद पूरा पेमेंट कर ले जाने की बात कह कर दुकानदार को झांसे में डाल कर वहां से चले गये,
थोड़ी देर बाद दुकानदार को शक हुआ, तो मंगलसूत्र का डिब्बा देखा. डिब्बा से मंगलसूत्र गायब मिला. श्री जायसवाल ने आशंका जाहिर की है कि दोनों ने जेवरात देखने के क्रम में मंगलसूत्र अपने पॉकेट में रख लिया और चलते बने. इसी आशंका को लेकर दुकान में लगाये गये सीसीटीवी में कैद वीडियो क्लिप को देखा, उनके चेहरे सीसीटीवी में भी कैद हैं. प्रतिष्ठान मालिक की शिकायत पर पुलिस छानबीन में जुट गयी है.
