कार्यक्रम. श्रावणी मेला महोत्सव 2016 की सफलता को लेकर कार्यशाला का आयोजन
बासुकिनाथ : विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2016 के सफल संचालन को लेकर शनिवार को बासुकिनाथ में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के शिविर में कार्यशाला का आयोजन हुआ. जिसमें उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा एवं एसपी प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से मेले में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को संबोधित किया. उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेले में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी विनम्रता एवं सेवा भावना से ड्यूटी करें.
मेले में कर्तव्य, निष्ठा एवं श्रद्धा अहम पहलू होता है. सेवा को धर्म मानते हुए ड्यूटी करें. कांवरियों की सेवा करना ही सबसे बड़ी सेवा है. उन्होंने कहा कि देवघर में अरघा सिस्टम होने से बासुकिनाथ में स्पर्श पूजा के लिए कांवरियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. पिछले वर्ष की तुलना में इस बार मेले का अधिकारिक स्वरूप बड़ा हुआ है. राजकीय मेला का दर्जा मिला है.
क्यू के स्वरूप को न बिगाड़ें
डीसी ने कहा कि शिवगंगा शेड के नीचे क्यू महत्वपूर्ण होता है, कांवरियों की कतार की गलत व्यवस्था से क्यू का स्वरूप ही बिगड़ जाता है, लाइन में गैप रहने से भगदड़ की संभावना प्रबल होती है.
अधिकारी अपने कर्तव्य स्थल न छोड़ें
डीसी ने कहा कि अधिकारी अपने कर्तव्य स्थल को न छोड़ें. निष्ठापूर्वक ईमानदारी एवं सहनशील पूर्वक कर्तव्य का पालन करें. प्रतिनियुक्त कर्मियों से मेला में अनुशासित रहकर कार्य करने का निर्देश दिया. डीसी ने कहा कि सभी व्यवस्था पूर्ववत ही रहेगी. प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी अपना मनोबल ऊंचा रखें तथा सेवा भावना से मेले में सजगता से कार्य करें. मेले में आपसी तालमेल का बड़ा महत्व है. वहीं उपायुक्त ने मिडियाकर्मियों से अच्छी खबर प्रकाशित करने की अपील की. कहा इससे देश विदेश से आनेवाले श्रद्धालुओं के बीच बेहतर छवि बनती है.
रहेगी चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
एसपी ने बताया कि मेला क्षेत्र में 103 प्वाइंट पर पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति रहेगी. मंदिर सहित मेला क्षेत्र में चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रहेगा. निकास द्वार से कोई भी व्यक्ति गर्भगृह के अंदर नहीं जायेंगे. निकास द्वार को निकास द्वार ही रहने दें. उन्होंने कहा कि कोई भी पुलिस बल चमड़े का बेल्ट, टोपी, जूता अंदर लेकर न जाएं. डीएफएफडी गेट से सभी श्रद्धालुओं को अंदर जाने दें. आस्था का ख्याल रखें.
मंदिर, शिवगंगा एवं मेला क्षेत्र पर तीसरी आंख की लगातार नजर रहेगी. श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन कराना सभी का उद्देश्य होनी चाहिए. सोमवार को कोई भी पुलिस कर्मी पूजा न करें.
असामाजिक तत्वों पर रहेगी कड़ी नजर
एसपी प्रभात कुमार ने कहा कि मेले व मंदिर प्रांगण में असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रहेगी. अफवाह फैलाये जाने वाले से सावधान रहने की बात कही. दुर्घटना की स्थिति में अविलंब सूचना नियंत्रण कक्ष को देने का निर्देश दिया. प्रतिनियुक्त कर्मी पहचान पत्र हमेशा अपने साथ रखें. एसपी ने कहा कि ड्युटी छोड़कर प्रतिनियुक्त कर्मी कहीं न जाये तथा कांवरियों से अभद्र व्यवहार नहीं करें. प्रत्येक पोस्ट पर पोस्ट डायरी रहेगी.
जिसमें कर्मी एव अधिकारी अपने विचार को कलमबद्ध करेंगे. एसपी ने कहा कि किसी से भी बदसलूकी बरदाश्त नहीं होगी. कांवरियों को बेहतर पूजा व्यवस्था उपलब्ध कराना सभी का दायित्व है.
मंदिर की गतिविधियों से सभी को अवगत कराया. कहा कि श्रावणी मेले में वीआइपी पूजा बंद रहेगी. पदाधिकारी बैच लगाकर ही ड्यूटी करें. मेला क्षेत्र में यातायात की व्यवस्था दुरूस्त रहेगी. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस पेट्रोलिंग भी किया जायेगा. सभी यातायात मार्ग पर पुलिस की प्रतिनियुक्ति है. जहां-तहां गाड़ी खड़ी करने से जाम की स्थिति बन जाती है. प्रतिनियुक्त कर्मियों को यातायात निर्देश का पालन करने का निर्देश दिया गया.
डीपीआरओ ने कार्यक्रम का संचालन किया. मौके पर डीडीसी चितरंजन दास, अपरसमाहर्ता इंदु गुप्ता, डीपीआरओ अजयनाथ झा, डीएसपी अशोक कुमार सिंह, मंदिर प्रभारी सह बीडीओ संजय कुमार दास, अंचलाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, पुलिस निरीक्षक विनय कुमार सिन्हा, पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार ठाकुर, सहित सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित थे.
जलार्पण के छह काउंटर बनाये गये
