शहर के नीचे बाजार व मसलिया के पियलघोड़ा गांव की घटना
लापता थे दोनों, परिजन कर रहे थे खोजबीन
पत्नी जता रही हत्या की आशंका
दुमका कोर्ट/दलाही : दुमका में शनिवार को डूबने से दो युवकों की मौत हो गयी है. पहली घटना शहर के नीचे बाजार और दूसरी घटना मसलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पियलघोड़ा गांव की है. जहां एक 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत डोभा में डूबने से हो गयी है. शहर के नीचे बाजार स्थित एक कुएं से नगर थाना पुलिस ने युवक के शव को निकाला. शव की शिनाख्त शहर के दुधानी घाट रसिकपुर निवासी मो इसलाम अंसारी के रूप में हुई है.
घटना की सूचना पाकर उसके परिजन मौके पर पहुंचे. प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक दो दिनों से लापता था. वह राखाबनी के एक गाड़ी मालिक की पिकअप गाड़ी चलाता था. शनिवार को सुबह उसकी पत्नी रेहना बीबी ने गाड़ी मालिक के घर पहुंची और पति के बारे में जानकारी मांगी, तो उसने बताया कि उसकी गाड़ी नीचे बाजार में खड़ी थी. गाड़ी को उसने घर लाया है, लेकिन उसके पति का कोई पता नहीं चल पाया है. उसकी मौत हत्या है या आत्महत्या इस पर संशय है.
हालांकि परिजन उसकी हत्या का शक जाहिर कर रहे हैं. इधर मसलिया में डोभा से बरामद शव की शिनाख्त पियलघोड़ा गांव के ही शिवचरण मुर्मू के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक शिवचरण मुर्मू बुधवार से ही घर से गायब था़ जिसकी परिजन काफी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल पाया. शुक्रवार की शाम को उसकी लाश गांव के पास एक डोभा में तैरता पाया. ग्रामीणों ने बताया कि वह मिर्गी रोग से ग्रसित था़
मसलिया थाना प्रभारी अमित लाकड़ा ने बताया कि ऐसी जानकारी मिली है कि उक्त व्यक्ति मिर्गी रोग से ग्रसित था और डोभा में डूबने से उसकी मौत हो गयी है़ उसकी पत्नी सिरोधनी किस्कू ने एक लिखित आवेदन देकर इस बात की जानकारी थाने को दी है.
