ताला मरांडी मामले में बाबूलाल ने कहा
दुमका : झाविमो सुप्रीमो सह पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बेटे की नाबालिग से शादी मामले को सत्तारूढ़ दल लीपापोती करने में लगा हुआ है. अब भाजपा के कुछ नेता मेडिकल बोर्ड कराने की बात कह रहे हैं. मेरा मानना है कि मेडिकल बोर्ड वहां करायी जाये, जहां भाजपा का शासन न हो या वहां के मेडिकल ऑफिसर भाजपा सरकार से प्रभावित न हो. उन्होंने कहा कि यह मेडिकल जांच बिहार, बंगाल, ओड़िशा अथवा किसी भी पड़ोसी राज्य में करायी जा सकती है.
बाल विवाह में शामिल हुए दोनों मंत्रियों पर हो कार्रवाई : श्री मरांडी ने ताला मरांडी के पुत्र की शादी के मामले में कहा कि नाबालिग से शादी क्रिमिनल ऑफेंस है. जो लोग शादी में शामिल हुए, वे भी दंड के भागी हैं. मंत्री-विधायक व प्रशासन जिन्हें यह शादी रूकवानी चाहिए थी, वे शादी का भोज खा रहे थे.
इस बाल विवाह में शामिल होनेवाले मंत्री अमर बाउरी व डॉ लुईस मरांडी तथा विधायक अशोक भगत व अनंत ओझा पर एफआइआर होनी चाहिए. अब यह कहा जा रहा है कि आदिवासियों की यह परंपरा में है या उन्हें छूट मिलनी चाहिए, तो इसका कानून में वे प्रावधान करा लेते.
राज्यसभा चुनाव में हुई गड़बड़ी, करेंगे जल्द बड़ा खुलासा
बाबूलाल मरांडी ने दावा किया है कि राज्यसभा चुनाव में गड़बड़ी हुई है. सत्तारूढ़ दल ने खरीद-फरोख्त किया है. वे जल्द ही पूरे साक्ष्य के साथ इसका खुलासा करेंगे. दुमका परिसदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि यह डील किस प्रकार से हुई थी, उसे वे सप्ताह-दस दिन में सामने ले आयेंगे.
श्री मरांडी ने कहा कि उन्होंने गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए ही चुनाव के पहले और चुनाव के बाद भी सीबीआइ जांच की मांग की थी. उन्होंने कहा कि इस खुलासे से विपक्ष की एकता और मजबूत होगी.
