मसलिया : मसलिया में अज्ञात अपराधियों ने एक बाइक सवार को रोककर दिन दहाड़े छिनतई की घटना को अंजाम दिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना दुमका-फतेहपुर मुख्य मार्ग पर गोबरामोड़ के समीप हुई है. जहां कुछ अज्ञात अपराधियों ने बीच सड़क पर मोटरसाइकिल सवार को रोककर शुक्रवार को दिन के करीब 11.30 बजे छिनतई कर ली. मसलिया थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिक्षक मिठु सुकुमार मंडल शुक्रवार को फतेहपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बाबनबांधी पढ़ाने गये थे. छुट्टी के बाद वे दिन के करीब 11:30 बजे अपने मोटरसाइकिल से निजी आवास दुमका आने के लिये निकले.
तभी गोबरामोड़ के समीप चार अज्ञात लोगों ने उन्हें रोका और पॉकेट से नगद 1500 रुपये, एक मोबाइल, स्कूल के वीइसी व एसएमसी तथा निजी पासबुक ले लिया. मामले को लेकर शिक्षक श्री मंडल ने मसलिया थाना में लिखित शिकायत की. पुलिस ने शिक्षक के बयान पर थाना कांड संख्या 40/16 में भादवि की धारा 392 व 397 के तहत अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है. बताते चलें कि इसके पहले मसलिया थाना क्षेत्र के दलाही-आश्रममोड़ मुख्य सड़क पर दिनारी नदी पुल के पास भी छिनतई की घटना हुई थी.
