रानीश्वर : पोषण सखी चयन में पाथरा पंचायत अंतर्गत एक आंगनबाड़ी केंद्र की आवेदिका द्वारा अपने उम्र प्रमाण पत्र के साथ छेड़छाड़ करने का मामला प्रकाश में आया है़
पाथरा आंगनबाड़ी केंद्र की दूसरी आवेदिका ने सीडीपीओ से लिखित शिकायत कर मामले की जांच कराने की मांग की है. बताया जा रहा है कि पोषण सखी के लिए जिस आवेदिका ने उम्र प्रमाण पत्र के साथ छेड़छाड़ किया है, वह प्रखंड स्तरीय चयन समिति से प्रशासन को अंधेरे में रखकर औपबंधिक तौर पर चयन कराने में सफल रही है़
क्या है मामला: शिकायतकर्ता गौरी दास का आरोप है कि पाथरा के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या दो के सेविका पद के चयन को लेकर वर्ष 2006 में ग्रामसभा आयोजित की गई थी. उस समय आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका चयन के लिए जिस आवेदिका की उम्र 30 वर्ष यानी जन्मतिथि 14 जनवरी 1976 थी. बताया जा रहा है कि उसी आवेदिका ने वर्ष 2016 में पोषण सखी के लिए आवेदन किया है. वर्तमान में उसी आवेदिका ने अपनी उम्र 34 वर्ष यानी जन्म 1982 दिखा रही है़
प्रशासन को अंधेरे में रख कर अपनी उम्र कम दिखाते हुए पोषण सखी में चयन कराने का प्रयास कर रही है़ वर्ष 2006 में यदि उसी आवेदिका की उम्र 30 वर्ष थी, तो वर्ष 2016 में उसकी उम्र 40 वर्ष होगी़ पोषण सखी चयन के लिए 18 वर्ष से 35 वर्ष तक उम्र निर्धारित की गयी है़
