दुमका के शिकारीपाड़ाव गोपीकांदर में सड़क हादसा
शिकारीपाड़ा में दो साइकिल सवार की मौत व एक घायल
वहीं गोपीकांदर में एक बाइक सवार की गयी जान
शिकारीपाड़ा : दो अलग-अलग हादसे में शिकारीपाड़ा व गोपीकांदर में तीन की मौत हो गयी वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गये. जानकारी के मुताबिक दुमका-रामपुरहाट मुख्य पथ के शिकारीपाड़ा के करमाटांड़ मोड़ के समीप सोमवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से जहां साइकिल सवार दो युवक की मौत हो गयी. वहीं एक अन्य युवक घायल हो गया. जबकि दुमका-पाकुड़ मार्ग पर गोपीकांदर थाना क्षेत्र के धोबरना गांव के पास एक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार प्रकाश मिर्धा की मौत हो गयी. मृतक बाइक से कपड़ा खरीदने अमड़ापाड़ा जा रहा था.
इसी दौरान वह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. वह ओड़मो पंचायत के डाहारटोला का रहने वाला था. शिकारीपाड़ा में मरे दोनों साइकिल सवारों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया है. मरने वाले दोनों युवकों की पहचान ढाका पंचायत के सिमला गांव निवासी राजू हेम्ब्रम (20 वर्ष) और काठीकुंड बड़तल्ला निवासी इलियास मुर्मू (20 वर्ष) के रूप में हुई है. वहीं तीसरा घायल जोसेफ मरांडी (19 वर्ष) है.
जानकारी के अनुसार राजू हेम्ब्रम, एलियास मुरमू व जोसेफ मरांडी भोक्तानडीह गांव में शादी समारोह में सम्मिलित होकर अलग-अलग साइकिल से सिमला लौट रहे थे. वहीं गोपीकांदर में हुए हादसे में मृतक की पहचान ओड़मो पंचायत के डाहारटोला का रहने वाला था. जिसे सीओ ने तत्काल मुआवजे के रूप में दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की.
