कार्यक्रम. योग दिवस आज, इंडोर स्टेडियम में लगेगा शिविर, डीसी ने की अपील
आज की बदलती जीवनशैली व खान-पान से लोग तरह-तरह की बीमारियों का शिकार हो रहे हैं. ऐसे में लोगों को रुझान योग की तरफ बढ़ा है. योग अपना कर लोग बीमारियों से छुटकारा पा रहे हैं. वहीं मानसिक शांति भी मिल रही है.
दुमका : तराष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को सिदो कान्हू इंडोर स्टेडियम में प्रात: 6 बजे योग शिविर आयोजित की जायेगी. डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने शहरवासियों से योग करने की अपील की है. इस शिविर में केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत और कल्याण मंत्री डाॅ लोइस मरांडी भाग लेंगें.
डीसी श्री सिन्हा ने बताया कि मुख्यमंत्री रघुवर दास मंगलवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित शिविर में भाग लेंगे. इधर सोमवार को तीरंदाजी मैदान में आयोजित योग शिविर का समापन सोमवार को हो गया. इसमें प्रशिक्षक संतोष कुमार गोस्वामी व पुरूषोत्तम दर्वे ने लोगों को योगाभ्यास कराया. इधर यज्ञ मैदान से लोगों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूली बच्चों ने रैली निकाली और शिविर में भाग लेने की अपील की. जिसमें सिदो कान्हू, नेशनल हाई स्कूल, भारत स्काउट और गाइड, ग्रीन माउंट अकादमी, गर्ल्स स्कूल के छात्र छात्राओं ने हिस्सा लिया.
मौके पर सीएस डाॅ विनोद कुमार साह, डाॅ अशोक कुमार सिन्हा, डाॅ निर्मल कुमार सिंह, डाॅ चंद्रशेखर प्रसाद, पतंजलि व भारत स्वाभिमान के सूर्यकांत मंडल, मनोज साह, मनोज दास आदि मौजूद थे. इधर एनएसएस द्वारा आयोजित योग शिविर के तीसरे दिन भी स्वयं सेवकों ने योगाभ्यास किया और मंगलवार को प्रात: 6.30 बजे एक शिविर आयोजित की जायेगी.
जिसमें वीसी डाॅ कमर अहसन, प्रोवीसी सत्यनारायण मुंडा, कुलसचिव डाॅ पीके घोष, कार्यक्रम समन्वयक डाॅ अजय शुक्ल सहित कॉलेज के सभी व्याख्यता व छात्र छात्रायें भाग लेंगे.
