दुमका : दुमका प्रखंड में कार्यरत राजस्व कर्मचारी महेश गुप्ता को दस हजार रुपया मोटेशन के नाम पर घूस लेते हुए प्रशिक्षु आइएएस भोर सिंह यादव ने पकड़ा है. कर्मचारी को नगर थाने में रखा गया है. शहर के एक व्यक्ति प्रवीण कुमार यादव ने प्रशिक्षु आइएएस घोर सिंह यादव से शिकायत की कि राजस्व कर्मचारी मोटेशन के नाम पर उनसे 10 हजार घूस मांग रहे हैं. श्री सिंह ने घूस देने से पहले सभी नोट के नंबर नोट कर लिये थे.
जब प्रवीण ने कर्मचारी महेश गुप्ता को घूस में 10 हजार रुपये दिये तभी वहां श्री सिंह पहुंचे और उसके जेब से नोट निकलवाये और जब नोट के नंबरों को मिलान किया तो सभी सही पाये गये. श्री सिंह ने घूस लेने वाले कर्मचारी को नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया. वे नगर थाना भी पहुंचे जहां प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी. कर्मचारी को नगर थाना के हाजत में रखा गया था. इस पूरे प्रकरण के दौरान नगर थाने में भीड़-भाड़ लगी रही.
