योगिनी एकादशी पर 35 हजार भक्तों ने फौजदारीनाथ से मांगी सुख-समृद्धि

भक्तों ने भगवान को पका हुआ कटहल का भोग लगाया. मंदिर परिसर में शिवभक्तों ने कई तरह के धार्मिक अनुष्ठान कराये.

बासुकिनाथ. आषाढ़ महीने के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि शनिवार को बाबा फौजदारीनाथ दरबार में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. योगिनी एकादशी पर देर शाम तक भक्तों ने दूध और गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया. बाबा फौजदारीनाथ से सुख-समृद्धि मांगी. चार बजे भोर मंदिर का पट खुला. सरकारी पूजा के बाद श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह का पट खोल दिया गया. करीब 35 हजार से अधिक भक्तों ने स्पर्श पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की. भक्तों ने भगवान को पका हुआ कटहल का भोग लगाया. मंदिर परिसर में शिवभक्तों ने कई तरह के धार्मिक अनुष्ठान कराये. मंदिर पुजारी डबलू झा ने बाबा फौजदारीनाथ व माता पार्वती की भव्य शृंगार पूजा की. मंदिर के पंडितों ने दूध, दही, घी, इत्र, ईख का रस, फूल, बेलपत्र आदि से भोलेनाथ का अभिषेक कर पूजा की. भक्तों ने भगवान शिव व माता पार्वती का गठबंधन कराया. बच्चों का मुंडन संस्कार कराया. श्रद्धालुओं ने पवित्र शिवगंगा में स्नान कर भगवान भोलेनाथ की पूजा की. गर्भगृह द्वार तक भक्तों ने दंडवत प्रणाम किया. कतारबद्ध होकर भक्तों ने जलार्पण किया. एसडीओ कौशल कुमार, मंदिर प्रभारी सह बीडीओ कुंदन भगत एवं पुलिस निरीक्षक श्यामानंद मंडल ने श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक जलार्पण कराया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND JASWAL

ANAND JASWAL is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >