डीसी ने किया सदर अस्पताल का निरीक्षण
दुमका : सदर अस्पताल में कु व्यवस्था का आलम बरकरार है. दीवारों में सीलन, चहुंओर गंदगी व दरुगध से मरीजों की परेशानी और बढ़ जाती है. पेइंग वार्ड में भरती होने वाले मरीजों के परिजन को अपने स्तर से सफाई करानी पड़ती है. अल्ट्रासाउंड कराने के लिए बाहर जाना पड़ता है.
साफ पानी के लिए बाहर से बोतलें खरीदनी पड़ती हैं. सोमवार को डीसी हर्ष मंगला डीडीसी रामाशंकर प्रसाद के साथ जब सदर अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे, तो उन्हें भी अव्यवस्था देखकर आश्चर्य हुआ. न तो डियूटी रोस्टर के मुताबिक चिकित्सक अस्पताल में थे और न ही कई कर्मचारी.
डीसी ने प्रसव कक्ष, शिशु कक्ष, पुरुष वार्ड, महिला वार्ड, आउटडोर, नेत्र चिकित्सालय आदि का निरीक्षण किया तथा गड़बड़ियों को सुधारने का निर्देश दिया. प्रसव कक्ष में रखे स्टरलाइजर पर धूल की परत जमीं थी. उसके अंदर देखने पर डीसी ने जंग लगा पाया. कहा. स्टरलाइजर को ही स्टरलाइज करने की जरूरत है.
खराब व जंग लगे साइड टूल को बदलवाने तथा रोशनी की मुकम्मल व्यवस्था के लिए आवश्यक बल्ब और टयुब लाइट लगवाने का आदेश दिया.
