धनबाद से प्रतीक पोपट
Dhanbad: एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत संचालित युवा संगम फेज-6 कार्यक्रम के अंतर्गत मध्य प्रदेश से 56 सदस्यीय युवा प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को आईआईटी (आईएसएम) धनबाद पहुंचा. पेनमैन ऑडिटोरियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में प्रतिनिधिमंडल का पारंपरिक स्वागत किया गया. इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और वन बचाने के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री जामुना टुडू को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए आकर्षक छऊ नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई, जिसे युवाओं ने खूब सराहा.
अलग-अलग संस्कृति को बढ़ावा देना उद्देश्य
कार्यक्रम की अध्यक्षता आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के डीन एकेडमिक प्रो एमके सिंह ने की. समारोह में संस्थान के कई वरिष्ठ प्रोफेसर और अधिकारी मौजूद रहे. आईआईटी इंदौर के पांच समन्वयकों के साथ पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल का संस्थान परिवार ने गर्मजोशी से स्वागत किया. युवा संगम कार्यक्रम का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है.
कई जगहों का किया दौरा
20 जून तक झारखंड प्रवास के दौरान यह युवा दल राज्य के प्रमुख शैक्षणिक, औद्योगिक, धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेगा. प्रतिनिधिमंडल मैथन डैम, कल्याणेश्वरी मंदिर, आईआईटी (आईएसएम) के जियोलॉजिकल म्यूजियम, बाबा बैद्यनाथ धाम, बासुकिनाथ मंदिर, बोकारो स्टील प्लांट, राजभवन रांची, बीआईटी मेसरा, बिरसा मुंडा संग्रहालय, पारसनाथ पहाड़ और तोपचांची डैम सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा करेगा. साथ ही आईआईटी (आईएसएम) के इनोवेशन सेंटर और एआई-रोबोटिक्स सुविधाओं को भी करीब से देखेगा.
पद्मश्री जामुना टुडू भी थीं मौजूद
युवा कार्यक्रम के तहत इससे पहले झारखंड का 42 सदस्यीय युवा दल मध्य प्रदेश और आईआईटी इंदौर के भ्रमण पर गया था. इस पहल के माध्यम से युवाओं को विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपरा, शिक्षा, उद्योग और नवाचार से परिचित कराया जा रहा है. कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना और युवाओं के बीच आपसी समझ को बढ़ावा देना है. युवा संगम कार्यक्रम के जरिए देश के अलग-अलग राज्यों के युवा एक-दूसरे की संस्कृति, परंपरा और विकास मॉडल को करीब से जान रहे हैं. आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में शुरू हुआ यह आदान-प्रदान कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता और युवा सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
मध्य प्रदेश से आए युवा प्रतिनिधि अगले आठ दिनों तक झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, औद्योगिक विकास और शैक्षणिक संस्थानों का अनुभव प्राप्त करेंगे. युवा संगम कार्यक्रम के माध्यम से देश की विविधता में एकता का संदेश और अधिक मजबूत हो रहा है.
ये भी पढ़ें…
धनबाद के सदर अस्पताल की पैथोलॉजी ‘बीमार’, मरीजों को घंटों करना पड़ रहा इंतजार
Dhanbad: गोल्फ ग्राउंड मेले में अवैध पार्किंग वसूली पर निगम का शिकंजा, आयोजक पर 25000 का जुर्माना
