बरोरा, धनबाद : बेहराकुदर पंचायत सचिवालय के समीप स्थित फुटबॉल मैदान में आयोजित स्व. परमेंद्र सिंह मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में यशराज क्लब बेहराकुदर ने एसीएम क्लब लगदा, बंगाल को पेनाल्टी शूटआउट में 2-1 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं. इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में यशराज क्लब ने बाजी मारी.
विजेता और उपविजेता टीम को किया सम्मानित
मुख्य अतिथि धनबाद सांसद ढुलू महतो ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे और मोबाइल से दूर रहकर खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा दिखानी चाहिए. खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर युवा अपना भविष्य संवार सकते हैं.
विशिष्ट अतिथि धनबाद-बोकारो क्षेत्रीय राजपूत समाज के केंद्रीय अध्यक्ष जन्मजेय सिंह ने कहा कि स्व. परमेंद्र सिंह स्वयं खिलाड़ी रहे थे. उनके नाम पर फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन सराहनीय पहल है.
खिलाड़ियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने पर जोर
प्रतियोगिता का आयोजन समाजसेवी मिथुन सिंह राजपूत तथा बाबू साहब मिथुन सिंह की ओर से किया गया था. आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराना रहा.
मौके पर शिरीष कुमार सिंह, रामचरित्र सिंह, गोपाल सिंह, दुर्गा प्रसाद सिंह, मुखिया जालिम रजक, रंधीर सिंह, सुभाष सिंह, राजू सिंह, रामबालक सिंह, सीताराम गोस्वामी, चंद्रिका सिंह, गौतम सिंह, मोहन सिंह, कामता सिंह, गोविंद सिंह, राजू तिवारी, नरेश सिंह, मदन सिंह, बिट्टू सिंह सहित अन्य उपस्थित थे.
