कोयलांचल में चैत्र नवरात्र के अवसर पर गुरुवार को मां के अष्टम स्वरूप महागौरी की पूजा की गयी. इसे लेकर अल सुबह से ही पूजा पंडालों, मंदिरों व घरों में मंत्रोच्चारण के बीच मां की स्तुति कर सुख समृद्धि की प्रार्थना की गयी. पुष्पांजलि के बाद माता को भोग लगाया गया. वहीं शुक्रवार को मां के नौवें स्वरूप सिद्धिदात्री की पूजा अर्चना की जायेगी.
शक्ति मंदिर में किया गया कन्या पूजन
शक्ति मंदिर में मां महागौरी की पूजा पंडित मुकेश पांडे के आचार्यत्व में की गयी. भक्तों ने यहां माता के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित की. वहीं महाआरती में काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. इस अवसर पर मंदिर कमेटी की ओर से नौ कुंवारी कन्या व एक भैरो बाबा की पूजा की गयी. पूजा के यजमान अशोक अरोड़ा व उनकी धर्म पत्नी ने कन्याओं के चरण पखारे. उनकी पूजा कर उन्हें चना, हलवा-पूरी का भोग खिलाया. उन्हें उपहार भी दिये. शाम को मंदिर प्रांगण में भक्तों ने मां की आरती की.
विकास नगर ओल्ड डॉक्टर्स कॉलोनी में उमड़े श्रद्धालु
विकास नगर ओल्ड डॉक्टर्स कॉलोनी में महाअष्टमी के दिन महागौरी की पूजा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े. यहां पंडित अजीत भट्टाचार्या ने मंत्रोच्चारण के बीच पुष्पांजलि दिलायी. महाआरती के बाद भोग वितरित किया गया. वहीं शाम को भक्ति जागरण का आयोजन किया गया. यूथ क्लब सेवा समिति ने एलसी रोड में विधि विधान से मां की स्तुति की. यहां ढाक ध्वनि, उलूक ध्वनि व घंटा ध्वनि के साथ माता को पुष्पांजलि अर्पित कर भोग लगाया गया. पूजा को लेकर समिति के सदस्य सक्रियता से लगे हैं. भूईफोड़ मंदिर में महाअष्टमी पर बड़ी संख्या में भक्तों का जुटान हुआ. भक्तों ने पूजा अर्चना कर पुष्पांजलि अर्पित की.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.