झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने और दर्ज विवरण में सुधार के लिए मतदाताओं को 11 दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है. भारत निर्वाचन आयोग ने दावा-आपत्ति दाखिल करने की अंतिम तिथि चार सितंबर से बढ़ाकर 15 सितंबर 2026 कर दी है.
पहले निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन पांच अगस्त को हुआ था और पांच अगस्त से चार सितंबर तक दावा-आपत्ति दाखिल की जानी थी. अब विस्तारित अवधि में भी पात्र मतदाता नाम जुड़वाने और गलत विवरण में सुधार के लिए आवेदन कर सकेंगे.
नोटिस और आवेदनों के निष्पादन की तिथि भी बढ़ी
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार नोटिस जारी करने और प्राप्त दावे-आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया अब 14 अक्तूबर 2026 तक पूरी की जायेगी. इसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्तूबर को होगा. पहले अंतिम मतदाता सूची सात अक्तूबर को प्रकाशित होनी थी. इस तरह अंतिम प्रकाशन की तिथि में 12 दिनों का विस्तार किया गया है.
मॉनसून और श्रावणी मेले के मद्देनजर किया गया विस्तार
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रविकुमार ने बताया कि जिला निर्वाचन पदाधिकारियों से मिले सुझावों के आधार पर अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया गया था. मॉनसून, देवघर और दुमका में श्रावणी मेले और कृषि कार्यों में मतदाताओं की व्यस्तता को देखते हुए अतिरिक्त समय की जरूरत बतायी गयी थी.
भारत निर्वाचन आयोग ने इस अनुरोध को स्वीकार कर संशोधित कार्यक्रम जारी किया है. उन्होंने पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि प्रारूप मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर विस्तारित अवधि का लाभ उठाते हुए इसीआइनेट के माध्यम से प्रपत्र-6 भरें. नाम, पता, उम्र या अन्य विवरण में गलती होने पर प्रपत्र-8 से सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है.
