जोड़ापोखर. दस माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण ऊर्जा मित्रों यानी मीटर रीडरों ने काम ठप कर दिया है. ऊर्जा मित्रों ने सामूहिक रूप से कार्यपालक विद्युत अभियंता को पत्र लिखकर बकाया वेतन का अविलंब भुगतान करवाने की मांग की है.
ऊर्जा मित्र भरत सिंह ने बताया कि हम सभी ऊर्जा मित्र डिगवाडीह, झरिया, सिंदरी, मुकुंदा क्षेत्रों में फ्यूजियन सीएस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के तहत मीटर रीडिंग का कार्य करते हैं. विगत दस माह से मासिक वेतन नहीं मिल पा रहा है. जिस कारण बच्चों की पढ़ाई सहित घर की स्थिति दयनीय हो गई है.
उन्होंने कहा कि जब तक हम लोगों का बकाया वेतन भुगतान नहीं होता है, तब तक हम लोग कार्य पर नहीं लौटेंगे. मांग पत्र देने वालों में शामिल: अनिल ठाकुर, मुस्ताक अंसारी, प्रमोद सिंह, राजकुमार साव, बिनोद ठाकुर, दिनेश महतो, प्रकाश आचार्य आदि थे.
