नीरज सिंह केस से निखार सबलोक मर्डर तक, शूटर शिबू की पूरी कहानी; धनबाद में पुलिस से मुठभेड़ में घायल

धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर हत्याकांड में आरोपी रहे यूपी के शूटर शिबू को निरसा में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल कर दिया. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि शिबू ने बचने के लिए फायरिंग की थी.

धनबाद के चर्चित पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में आरोपी रहे उत्तर प्रदेश के शूटर सागर सिंह उर्फ विजय सिंह उर्फ शिबू से बुधवार की शाम निरसा में पुलिस की मुठभेड़ हो गयी. निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका रेजिडेंसी में पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की, तो पुलिस के अनुसार शिबू ने फायरिंग कर दी.

जवाबी कार्रवाई में शिबू घायल हो गया. पुलिस के अनुसार उसके पैर में कई गोलियां लगी हैं. घायल शिबू को तत्काल धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है. घटना बुधवार शाम करीब 5.15 बजे की है.

गुप्ता सूचना पर पहुंची पुलिस की टीम

पुलिस को सूचना मिली थी कि 24 अगस्त को जमशेदपुर में व्यवसायी निखार सबलोक की हत्या के मामले में वांछित सागर उर्फ शिबू अपने सहयोगी रिंकू के साथ निरसा के हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका रेजिडेंसी में रह रहा है. बताया गया कि वह कारोबारी शमशाद खान के आवास में ठहरा हुआ था. सूचना मिलने के बाद धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने गोपनीय तरीके से कार्रवाई करते हुए आवास की घेराबंदी की.

सीसीटीवी से लगी भनक, भागने लगे अपराधी

पुलिस टीम ने बुधवार शाम आनंद वाटिका रेजिडेंसी पहुंचकर शमशाद खान के आवास को चारों तरफ से घेर लिया. पुलिस के अनुसार, घर में लगे CCTV कैमरों के माध्यम से अपराधियों को पुलिस की गतिविधि की भनक लग गयी. जैसे ही घर का गेट खुला, शिबू और उसके साथियों ने वहां से निकलकर भागने का प्रयास किया.

इसके बाद आनंद वाटिका रेजिडेंसी परिसर और आसपास कुछ देर तक पुलिस और अपराधियों के बीच भागदौड़ की स्थिति बनी रही. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान शिबू ने पुलिस टीम पर करीब तीन राउंड फायरिंग की. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. पुलिस की फायरिंग में शिबू घायल होकर गिर गया, जिसके बाद जवानों ने उसे काबू में लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया.

आरोपी के घर के बाहर मौजूद पुलिस की गाड़ी

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान शिबू के दो साथी भी फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले. दोनों की तलाश में पुलिस टीम छापेमारी कर रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल पर कई राउंड फायरिंग की आवाज सुनायी दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग किये जाने की पुष्टि की है.

बताया जाता है कि पुलिस की गतिविधियां बुधवार दोपहर से ही आनंद वाटिका रेजिडेंसी और आसपास के इलाके में बढ़ गयी थीं. हालांकि कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था.

निरसा प्रभारी थानेदार पर गोली चलाने का पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार, भागने के दौरान सागर उर्फ शिबू ने निरसा के प्रभारी थाना प्रभारी बालेश्वर सिंह को निशाना बनाकर अत्याधुनिक 9 एमएम पिस्टल से गोली चलायी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें शिबू घायल हो गया.

इस घटना में निरसा के प्रभारी थाना प्रभारी बालेश्वर सिंह बाल-बाल बच गये. पुलिस का कहना है कि अपराधियों की ओर से फायरिंग के बाद टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जवाबी कार्रवाई की.

ये भी पढ़ें: जमशेदपुर मर्डर के बाद धनबाद में छिपा था नीरज सिंह हत्याकांड का आरोपी शिबू, तस्वीरों में देखें घेराबंदी से गोली लगने तक की पूरी कहानी

शिबू की निशानदेही पर जंगल से हथियार बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया. पुलिस के अनुसार, घायल शिबू से प्रारंभिक पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर हाथबाड़ी के जंगल में छापेमारी की गयी. वहां से अत्याधुनिक हथियार और कारतूस बरामद किये गये हैं.

पुलिस अब बरामद हथियारों की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन हथियारों का इस्तेमाल पूर्व की किन घटनाओं में हुआ है और शिबू के साथ धनबाद में और कौन-कौन लोग सक्रिय थे.

अस्पताल पहुंचते ही बढ़ायी गयी सुरक्षा

मुठभेड़ में घायल शिबू को एंबुलेंस से धनबाद के एसएनएमएमसीएच लाया गया. उसके अस्पताल पहुंचने से पहले ही कई थानों की पुलिस को वहां तैनात कर दिया गया था. एंबुलेंस से उतारने के बाद पुलिस ने उसे सीधे इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया.

इसके बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी. जिस कमरे में शिबू का इलाज चल रहा है, उसके बाहर पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात किये गये हैं. बिना अनुमति किसी को भी उसके पास जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है.

अस्पताल में अपराधी के पास मौजूद सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव

घटना के बाद एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय, सरायढेला थाना प्रभारी मनजीत कुमार और धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली समेत कई पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे.

रविवार से सक्रिय थी पुलिस की स्पेशल टीम

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि रविवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि सागर सिंह उर्फ शिबू अपने कई साथियों के साथ धनबाद में छिपा हुआ है. सूचना के बाद विशेष टीम का गठन किया गया और टीम रविवार से ही उसकी तलाश में सक्रिय थी.

जांच के दौरान पुलिस को शिबू के निरसा में छिपे होने की सूचना मिली. इसके बाद विशेष टीम ने हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका रेजिडेंसी में कार्रवाई की. एसएसपी के अनुसार, शिबू के दो अन्य साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं, उसके दो साथी फायरिंग करते हुए हथियारों के साथ मौके से फरार हो गये. फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

धनसार से पकड़े गये दो युवकों से मिली शिबू की कड़ी

बताया जाता है कि पुलिस ने धनसार इलाके से दो युवकों को पकड़ा था. पूछताछ के दौरान दोनों से पुलिस को जानकारी मिली कि उत्तर प्रदेश का एक अपराधी भी धनबाद आया हुआ है. हालांकि उस समय पुलिस के पास उसके ठिकाने की स्पष्ट जानकारी नहीं थी.

इसके बाद पुलिस ने तकनीकी इनपुट और अन्य माध्यमों से उसकी तलाश शुरू की. इसी क्रम में सूचना मिली कि कुछ अपराधी निरसा इलाके में छिपे हुए हैं. पुलिस ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए हाथबाड़ी में कार्रवाई की और आनंद वाटिका रेजिडेंसी स्थित आवास को घेर लिया.

शिबू का फाइल फोटो

पुलिस के अनुसार, धनसार से पकड़े गये दोनों युवकों और मुठभेड़ के बाद घायल शिबू से हुई प्रारंभिक पूछताछ में एक धनबाद निवासी व्यक्ति की भूमिका की जानकारी मिली है. पुलिस को संदेह है कि उक्त व्यक्ति ने किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए इन अपराधियों को धनबाद बुलाया था. पुलिस अब उस व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है.

निखार सबलोक हत्याकांड में वांछित था शिबू

24 अगस्त 2026 को जमशेदपुर के टेंथ माइल स्टोन होटल के पास व्यवसायी निखार सबलोक की हत्या कर दी गयी थी. पुलिस जांच में सागर सिंह उर्फ शिबू का नाम मुख्य शूटर के रूप में सामने आया था. इस मामले में जमशेदपुर पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी.

पुलिस के अनुसार, निखार सबलोक हत्याकांड के बाद शिबू धनबाद पहुंचा था. पुलिस को आशंका है कि वह यहां भी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में था. इसी बीच पुलिस को उसके निरसा में छिपे होने की सूचना मिली और विशेष टीम ने कार्रवाई कर दी.

ये भी पढ़ें: BCCl की रेल लोडिंग में सितंबर में संभली रफ्तार, वार्षिक लक्ष्य से अब भी 22 फीसदी पीछे

शिबू की तलाश को लेकर जमशेदपुर और धनबाद पुलिस के बीच लगातार समन्वय की बात भी सामने आ रही है. पुलिस तकनीकी इनपुट के आधार पर उसकी गतिविधियों और संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है.

नीरज सिंह हत्याकांड से भी जुड़ा रहा है नाम

सागर सिंह उर्फ शिबू का नाम धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड से भी जुड़ा रहा है. इस मामले में सरायढेला थाना कांड संख्या 48/17 दर्ज है. शिबू उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और पूर्व में भी आपराधिक मामलों में उसका नाम सामने आया है.

पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह का फाइल फोटो

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि निखार सबलोक हत्याकांड के बाद शिबू धनबाद क्यों आया था, उसे यहां किसने ठहराया और उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे. इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है.

जानें सागर सिंह उर्फ शिबू उर्फ विजय के बारे में

पिता : रामबहादुर सिंह पता : मालपुरा झालिया, लंभुआ, सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में दर्ज मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सागर सिंह उर्फ शिबू के खिलाफ उत्तर प्रदेश में चार मामले दर्ज हैं.

  • कोंधौर थाना कांड संख्या 113/17, धारा 3/15 आर्म्स एक्ट
  • कोंधौर थाना कांड संख्या 114/17, धारा 419, 420, 467, 468 और 471
  • कोतवाली सुलतानपुर थाना कांड संख्या 62/16, धारा 307
  • कोतवाली सुलतानपुर थाना कांड संख्या 196/13, धारा 302/34

झारखंड में दर्ज मामले

झारखंड में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं. इनमें सरायढेला थाना कांड संख्या 48/17 शामिल है, जो पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड से संबंधित है. इसके अलावा 24 अगस्त 2026 को जमशेदपुर में हुई व्यवसायी निखार सबलोक की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया है.

निखार सबलोक (फाइल फोटो)

पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क, धनबाद में उसके संपर्कों और यहां आने के उद्देश्य की पड़ताल कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Niraj ambasta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >