निरसा बाजार. एमपीएल ओपी क्षेत्र के अंतर्गत पंडरा-कंचनडीह रोड स्थित पंडरा पूरब पंचायत में गुरुवार की देर रात पांडरा पूरब पंचायत के मुखिया उज्ज्वल तिवारी के घर के बाहर दो अज्ञात व्यक्तियों के संदिग्ध रूप से पहुंचने का मामला सामने आया है. दोनों संदिग्ध सड़क किनारे खड़े श्री तिवारी का टूरिस्ट बस और हाइवा के पास पहुंचे थे. हालांकि बस में तैनात रात्रि प्रहरी की सतर्कता के कारण दोनों वहां से भाग निकले. पूरी घटना आवास के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
आधी रात को वाहनों के पास पहुंचे दो संदिग्ध
मिली जानकारी के अनुसार घटना रात करीब साढ़े 12 बजे की बताई जा रही है. पंडरा पूरब पंचायत के मुखिया उज्ज्वल तिवारी के आवास के समीप सड़क किनारे एक टूरिस्ट बस और हाइवा खड़ा था. इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और दोनों वाहनों के आसपास घूमते हुए दिखाई दिए. सीसीटीवी फुटेज में दोनों व्यक्तियों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं. उनकी गतिविधियों को संदिग्ध मानते हुए आशंका जताई जा रही है कि वे चोरी की नीयत से वहां पहुंचे थे. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों की वास्तविक मंशा क्या थी.
रात्रि प्रहरी की सतर्कता से टली संभावित चोरी
बताया गया कि टूरिस्ट बस के अंदर रात्रि गार्ड मौजूद था. संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर उसकी नजर पड़ने के बाद उसने सतर्कता दिखाई. गार्ड की सक्रियता का आभास होते ही दोनों व्यक्ति वहां से भाग निकले.
रात्रि प्रहरी की सतर्कता के कारण किसी प्रकार की चोरी की घटना को अंजाम नहीं दिया जा सका. घटना के बाद आसपास के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता देखी गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद मुखिया उज्ज्वल तिवारी ने एमपीएल ओपी पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही घर में लगे कैमरे के फुटेज की जांच शुरू कर दी है. फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. मुखिया उज्ज्वल तिवारी ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है.
उन्होंने बताया कि शाम ढलने के बाद आसपास के इलाकों में कथित तौर पर शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन को लेकर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है. ऐसे में रात के समय पुलिस की नियमित गश्त होने से संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऐसे स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा रात के समय संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने की मांग की है. फिलहाल मामले में किसी प्रकार की चोरी होने की सूचना नहीं है. पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान और उनके वहां पहुंचने के उद्देश्य की जांच कर रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय इस तरह संदिग्ध लोगों की आवाजाही चिंता का विषय है. फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
