80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को बाघमारा प्रखंड क्षेत्र में जगह-जगह शान से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया. सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और विभिन्न संस्थानों में आयोजित समारोहों में लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और देश की एकता व अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया.
मुख्य समारोह बाघमारा प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया. यहां प्रखंड प्रमुख गीता देवी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. भारत सरकार के निर्देश के तहत इस बार झंडोत्तोलन से पूर्व ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया. इसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई.
समारोह में बीडीओ लक्ष्मण यादव, सीओ गिरजा नंद किस्कू, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रीनाथ समेत अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
इसके बाद बाघमारा थाना परिसर में थाना प्रभारी अजीत कुमार ने झंडोत्तोलन किया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रीनाथ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. वहीं, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में विद्यालय के सचिव राजेंद्र प्रसाद ने झंडोत्तोलन किया.
जेपी चौक में धनेश्वर ठाकुर, राजद कार्यालय में बैजनाथ यादव तथा लूतीपहाड़ी पंचायत सचिवालय में उपमुखिया शिव कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. सभी स्थानों पर राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई और लोगों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं.
समारोहों के दौरान देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया. लोगों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प भी लिया.
