Dhanbad: भागा फीडर का मुख्य ट्रांसफॉर्मर जलने से 24 घंटे ठप रही बिजली, उपभोक्ताओं का हंगामा

Dhanbad: धनबाद में भागा फीडर का मुख्य ट्रांसफॉर्मर जल जाने से 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही. परेशान उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

Dhanbad (जोड़ापोखर): डिगवाडीह सब-स्टेशन में भागा फीडर के 10 एमवीए पावर ट्रांसफॉर्मर में शनिवार को तकनीकी खराबी आ गई. ट्रांसफॉर्मर जलने से फीडर क्षेत्र के इलाकों में पिछले 24 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है. भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा भड़क गया. सैकड़ों की संख्या में उपभोक्ता डिगवाडीह सब-स्टेशन पहुंचे और तत्काल बिजली बहाली की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया. बिजली पानी उपभोक्ता मंच के सुभाशीष राय, कयूम अंसारी समेत अन्य लोगों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की. हंगामे के कारण कुछ देर तक सब-स्टेशन में अफरा-तफरी का माहौल रहा. लोगों के आक्रोश को देखते हुए विद्युतकर्मी रंजीत ने सातों फीडर का विद्युत संयोग विच्छेद कर दिया.

मेयर-विधायक के हस्तक्षेप से बनी बात

सूचना पर मेयर संजीव सिंह एवं झरिया विधायक रागिनी सिंह के प्रतिनिधि अखिलेश सिंह और राजकिशोर जैना मौके पर पहुंचे. उन्होंने पूरे मामले से अपने नेताओं को अवगत कराया और तत्काल समाधान की मांग की. मेयर और विधायक के हस्तक्षेप के बाद विद्युत विभाग ने तत्परता दिखाते हुए हरल सिंदरी से 10 एमवीए का ट्रांसफॉर्मर मंगवाने की व्यवस्था की. साथ ही दो-दो घंटे पर सभी क्षेत्रों में किश्तवार बिजली आपूर्ति का निर्देश दिया गया. एसडीओ की पहल पर तीन घंटे बाद क्षेत्र में किश्तवार बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई.

अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर चार साल से खराब

अखिलेश सिंह ने कहा कि प्लांट में 10 एमवीए का एक अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर है, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण पिछले चार वर्षों से खराब पड़ा है. अगर वह चालू रहता तो जले ट्रांसफॉर्मर की जगह लगाकर लोगों को गर्मी में राहत दी जा सकती थी.

एसडीओ पर लगे गंभीर आरोप

राजकिशोर जैना ने एसडीओ पर सब-स्टेशन में समय नहीं देने और अवैध कनेक्शन देने का आरोप लगाया. उन्होंने जीएम से एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. नेताओं ने जीएम से डिगवाडीह सब-स्टेशन में लोड कम करने के लिए भागा फीडर को अविलंब चालू करने और खराब पड़े अतिरिक्त 10 एमवीए ट्रांसफॉर्मर की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की.

उग्र आंदोलन की चेतावनी

उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर बिजली बहाल नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे.

विधायक ने लिया जायजा, दिया आश्वासन

झरिया विधायक ने डिगवाडीह सब-स्टेशन पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई. उन्होंने बताया कि हरल सिंदरी से 10 एमवीए ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था कर दी गई है, जो शाम तक पहुंच जाएगा. तब तक विभाग की ओर से किश्तवार बिजली आपूर्ति की जाएगी. विधायक ने कहा कि जनता की हर समस्या मेरी समस्या है. जनता के लिए हमेशा समर्पित हूं.

ये भी पढ़ें…

Dhanbad: आउटसोर्सिंग के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, थाने के बाहर जमकर हंगामा

धनबाद के बाघमारा में कांग्रेस का धरना, महंगाई और भूधसान को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >