Dhanbad News : तेतुलमारी में करंट से तोपचांची के युवक की मौत

Dhanbad News : तेतुलमारी में करंट से तोपचांची के युवक की मौत

Dhanbad News :बाघमारा प्रखंड अंतर्गत बौआकला उत्तर पंचायत के सोरीटांड़ स्थित सेफ होम काॅलोनी में शुक्रवार की सुबह डस्ट लदे हाइवा के 11 हजार बिजली के तार की चपेट में आ जाने से करंट से झुलस कर खलासी मो सज्जाद अंसारी (28 वर्ष) की मौत हो गयी. मृतक तोपचांची के ब्राह्मणडीहा, लोकबाद का निवासी था. घटना के बाद हाइवा चालक फरार हो गया.

कैसे घटी घटना

: शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे डस्ट लदा हाइवा ( जेएच 09 एडी 6336) से ऑर्डर पर सेफ होम कॉलोनी के मुख्य गेट पर पहुंचा. गेट के समीप तीखी घुमावदार ढलान होने के कारण हाइवा सड़क छोड़ कीचड़ में जा घुसा. इसी बीच मो सज्जाद अंसारी हाइवा के केबिन से निकल कर बाॅडी पर चढ़ तिरपाल ठीक करने लगा. इसी क्रम में हाइ टेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से मो सज्जाद की मौत हो गयी. घटना के बाद काॅलोनी के लोगों ने बिजली कटवायी, लेकिन शव हाइवा की बॉडी पर ही फंसा रहा. मृतक के परिवार में पत्नी वह एक बच्चा है. घटनास्थल पर कई थानाें की पुलिस पहुंची. सूचना पाकर काफी संख्या में मृतक के परिजन समेत जनप्रतिनिधि पहुंचे. लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया.

घटना के चार घंटे बाद टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, बाघमारा सीओ गिरिजानंद किस्कू मौके पर पहुंचे और मृतक के आश्रित को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. इसके बाद इस्ट बसुरिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मौके पर कतरास थानेदार असित कुमार सिंह, इस्ट बसुरिया ओपी प्रभारी रूपेश कुमार दुबे, तेतुलमारी थानेदार विवेक चौधरी, रामकनाली ओपी प्रभारी प्रवीण कुमार के अलावा पुलिस बल व पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By NARAYAN CHANDRA MANDAL

NARAYAN CHANDRA MANDAL is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >