गोविंदपुर में जीटी रोड पर सोमवार को भी महाजाम लगा. इससे जीटी रोड का दिल्ली लेन में फकीरडीह से लेकर ऊपर बाजार तक जाम में गाड़ियां फंसी रहीं. कई एंबुलेंस भी जाम में फंसे. वहीं जाम के कारण प्री बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों तथा अपने-अपने कार्यालय जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई. इस मार्ग पर सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक जाम लगा रहा. सोमवार जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भी गोविंदपुर में जाम का मुद्दा उठा.
अंचलाधिकारी ने पहुंचकर लिया जायजा
उपायुक्त के निर्देश पर अंचलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार दुबे गोविंदपुर सुभाष चौक पहुंचे और एलिवेटेड रोड निर्माण कंपनी के सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर रवींद्र कुमार नायक से जाम को लेकर विचार-विमर्श किया. श्री नायक ने जाम का कारण वाहनों का रांग साइड में परिचालन व जीटी रोड की जमीन का अतिक्रमण बताया. इसपर अंचलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन जल्द अतिक्रमण हटायेगा. वहीं सुभाष चौक पर चौकीदार की प्रतिनियुक्ति की जायेगी ताकि वाहन रांग साइड से नहीं जाये. उन्होंने श्री नायक को शेष डिवाइडर को तोड़ कर उसकी जगह लोहे का रेलिंग लगाने का निर्देश दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
