Dhanbad News : कौमी एकता का प्रतीक है लोयाबाद का उर्स

Dhanbad News : हजरत सैयद अब्दुल अजीज शाह बाबा का 88वां वार्षिक उर्स आज से

Dhanbad News : कुणाल चौरसिया, लोयाबाद.

सरकारी चादरपोशी के साथ पांच अक्तूबर से लोयाबाद में छह दिवसीय(पांच से 10 अक्तूबर तक) 88वां उर्स मुबारक शुरू होगा. इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. लोयाबाद छह नंबर ईदगाह मजार में होने वाले हिंदू-मुस्लिम कौमी एकता के प्रतीक हजरत सैयद अब्दुल अजीज शाह बाबा (रहम) के सालाना उर्स में अकीदतमंदों का तांता लगा रहता है. रविवार को बाबा के मजार ए अकदस पर सरकारी चादरपोशी के साथ उर्स की शुरुआत होगी. उर्स में मुख्य अतिथि सिजुआ एरिया जीएम निर्झर चक्रवर्ती एवं विशिष्ट अतिथि लोयाबाद कोलियरी पीओ संजय कुमार नंदा, बांसजोड़ा-निचितपुर कोलियरी पीओ अनिल कुमार वर्मा, तेतुलमारी कोलियरी पीओ एसके दास, लोयाबाद कोलियरी प्रबंधक अभिषेक कुमार आदि उपस्थित रहेंगे. उर्स में बड़े पैमाने पर मेले का आयोजन किया जाता है. उर्स मुस्लिम कमेटी इलाका लोयाबाद के सौजन्य से आयोजित किया जाता है.

अंग्रेजों के जमाने से मनाया जा रहा है लोयाबाद में उर्सये उन दिनों की बात है, जब लोयाबाद क्षेत्र में बर्ड्स कंपनी (अंग्रेजों की कंपनी ) द्वारा कोयले की खदानें चलायी जाती थीं. उस वक्त एक अंग्रेज अफसर ने लोयाबाद छह नंबर में खदान चालू कराने की कोशिश की थी. खदान चालू करने के लिए अंग्रेज अफसर ने मजदूरों से खुदाई का काम शुरू करावाया.उसी रात मजदूरों के सपने में बाबा आये और उस स्थान को अपनी आरामगाह बतलाया और वहां खुदाई करने से मना किया. जब मजदूरों ने यह बात अंग्रेज अफसर को बतायी तो वह झल्ला उठा और इस बात को अंधविश्वास बता फिर से वहां खुदाई का काम शुरू करा दिया. इसके कुछ दिनों बाद ही खदान की पूरी सीम धंस गयी और उसमें दब कर सभी मजदूरों की मौत हो गयी. उसके बाद ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से उस स्थान पर हजरत सैयद अब्दुल अजीज शाह बाबा का मजार बनाया गया. हिंदू-मुस्लिम मजहबी एकता की प्रतीक इस मजार पर दोनों समुदाय के लोग मत्था टेकते हैं. बाबा सभी की मुरादें पूरी करते हैं.

सात और नौ अक्तूबर को होगा कव्वाली मुकाबला :

पांच अक्तूबर को सरकारी चादरपोशी, छह को जलसा सिरातुन नबी और दस्तरबंदी, सात को कव्वाली फरीद वारसी कव्वाल एंड पार्टी अजमेर (राजस्थान) का मुकाबला दिलबर शाबरी कव्वाल एंड पार्टी मुजफ्फरपुर (बिहार) से होगा. आठ को नातिया कलाम, नौ को ताहिर चिश्ती कव्वाल एंड पार्टी बरेली (यूपी) का मुकाबला शाकिब अली शाबरी कव्वाल एंड पार्टी अयोध्या (यूपी) के साथ होगा. 10 अक्तूबर को कुल शरीफ के आयोजन के बाद उर्स पाक का समापन होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >