Dhanbad News:अभियान चला सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर करें कार्रवाई : डीसी

उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, हादसों को रोकने के उपायों पर दिया गया बल

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता हुई. इस दौरान सड़क हादसों व इसके कारणों की समीक्षा कर इन्हें रोकने के लिए किये जाने वाले उपायों पर बल दिया गया. इसे लेकर उपायुक्त ने ट्रैफिक पुलिस को अतिरिक्त स्पीड गन देने, दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर स्पीड लिमिट कम रखने व उसके उल्लंघन पर फाइन करने संबंधित साइन बोर्ड लगाने, इंटरसेप्टर वाहन से वाहनों की स्पीड जांचने व बड़े पैमाने पर स्पीड डिटेक्टिंग कैमरे लगाने के निर्देश दिये. एट लेन सड़क पर स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करने व जरूरत पड़ने पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव देने की भी बात कही.उन्होंने सड़क सुरक्षा समिति एवं ट्रैफिक पुलिस को नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाने, स्कूल बस व वैन में बच्चों की सुरक्षा का कड़ाई से पालन कराने समेत अन्य निर्देश दिये. कहा कि सभी अंचल अधिकारी अपने क्षेत्र के पेट्रोल पंपों की जांच करेंगे. जहां नो हेलमेट नो पेट्रोल का पालन नहीं हो रहा है, उनके लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा करेंगे. मौके पर एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी द्विवेदी, ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह, एनएचएआइ दुर्गापुर, एनएचएआइ धनबाद व अन्य विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे.

सड़क हादसों में जान बचाने वालों को मिलेंगे 25 हजार रुपये

नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि जिले में 369 स्थानों पर बुलेट ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) व पीटीजेड कैमरा लगाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. कैमरे के पास स्पीकर भी होंगे और टू वे कम्युनिकेशन के लिए एसओएस सिस्टम भी होगा. उन्होंने बताया कि राह-वीर योजना के तहत सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की जान बचाने वालों को भारत सरकार की ओर से 25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जायेगी.

कम रोशनी से हुए अधिकतर हादसे : ग्रामीण एसपी

ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि कई सड़क हादसों में यह उजागर हुआ है कि लाइट की कमी से हादसे हुए. अगली बार स्ट्रीट लाइट नहीं जलने से दुर्घटना होगी प्राथमिकी में एनएच को भी पार्टी बनाया जायेगा.

पिछले एक साल में हुए 391 सड़क हादसे : डीटीओ

जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी द्विवेदी ने बताया कि गत वर्ष जनवरी से दिसंबर तक 391 सड़क हादसे हुए हैं. इसमें ओवर स्पीड के कारण 162, अंधेरे के कारण 97, रांग साइड पर चलने से 29, ओवरटेकिंग से 21, वाहन चलाते समय मोबाइल प्रयोग करने से 21, ड्रंक एंड ड्राइव में 15, चालक के नाबालिग होने पर 14 व 32 दुर्घटनाएं अन्य कारणों से हुई हैं. बताया कि गत वर्ष अक्तूबर, नवंबर एवं दिसंबर माह में परिवहन कार्यालय व यातायात पुलिस ने विभिन्न ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला है.

अधिकारियों ने ली नियम पालन करने की शपथ

इस दौरान उपायुक्त ने सभी को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलायी. उपायुक्त ने आरसीडी, बीएसएनएल, धनबाद नगर निगम, जबीवीएनएल, बीसीसीएल, गेल गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड, पीएचइडी को उनके कारण सड़कों पर उत्पन्न बाधाओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashok kumar

आशीष कुमार प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >