Dhanbad News : बागडिगी बस्ती व शराफतपुर बस्ती के बगल में संचालित सुशी आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तारीकरण मामले में शुक्रवार को झरिया सीओ व जोड़ापोखर थानेदार राजेश प्रकाश सिन्हा के नेतृत्व में एक सर्वे टीम जमीन मापी के लिए पहुंची. इसकी जानकारी मिलते ही दर्जनों महिलाएं अपने बाल बच्चों को लेकर परियोजना पहुंचीं और विरोध किया. उसके बाद टीम लौट गयी. ग्रामीण परियोजना की जमीन को अपना बता रहे थे.अधिकारियों से हैवी ब्लास्टिंग रोकने की मांग की. कहा कि हैवी ब्लास्टिंग से बस्ती में कंपन होती है, जमीन व घरों की दीवारों में दरार पड़ रही है. अधिकारियों में झरिया सीओ मनोज कुमार, थाना प्रभारी राजेश प्रकाश सिन्हा, लोदना प्रबंधन की ओर से परवेज आलम, प्रबंधक शांतनु सील, कृष्णा यादव के अलावा सर्वे टीम के सदस्य साथ थे. लोगों का कहना था कि हवा में प्रदूषण फैलता है.तालाब का पानी सूख रहा है. दूसरी ओर, डुमरियाटांड़ बस्ती के ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती की रैयती जमीन पर ओबी गिराया जा रहा था. इसके एवज में अभी तक कोई मुआवजा राशि नहीं मिली है. इस संबंध में बीसीसीयल के अधिकारी परवेज आलम ने बताया कि प्लॉट संख्या- एक (1) बीसीसीएल खाते की जमीन है. कुछ लोग जबरन काम रोकते हैं. आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तार के लिए सर्वे किया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
