बिहार के गयाजी जिले के बनियाडीह का रहने वाला है छात्र रिशु कुमार. सोमवार की सुबह किया गया था अगवा.
By ASHOK KUMAR | Updated at :
बिहार के गयाजी जिले से अपहरण कर धनबाद लाया गया एक छात्र सोमवार को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से भागकर धनबाद जीआरपी थाना पहुंच गया. यहां उसने पुलिस अधिकारियों को अपनी आपबीती बतायी. इसके बाद धनबाद जीआरपी अलर्ट हो गयी और जांच शुरू की. हालांकि, तब तक अपहरणकर्ता फरार हो गये. जीआरपी ने अपहृत छात्र के बरामदगी की सूचना उसके परिजनों को दी. इसके बाद सोमवार की शाम उसके परिजन धनबाद पहुंचे. उक्त छात्र बिहार के गयाजी जिले के बनियाडीह निवासी रिशु कुमार है. आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद छात्र को उसके परिजनों को सौंप दिया गया.
सुबह निकला था छात्र, चार युवकों ने किया अगवा
रिशु कुमार के अनुसार गयाजी मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है. सोमवार की अल सुबह वह कहीं जाने के लिए बाहर निकला था. इस दौरान पहले से बाहर खड़े चार युवकों ने उसे जबरन स्कॉर्पियो वाहन में बैठाकर उसे अगवा कर लिया. इसके बाद क्या हुआ उसे कुछ याद नहीं है. इस बीच अपहरणकर्ता उसे धनबाद ले आये. दिन के 11-12 बजे के बीच उसे होश आया, लेकिन वह बेहोशी का नाटक करता रहा. इस दौरान अपहरणकर्ता श्रमिक चौक के आसपास एक चाय की दुकान में रुके थे. अपहरणकर्ताओं के चाय की दुकान पर जाते ही वह वाहन से निकलकर भाग गया और सीधे जीआरपी थाना पहुंच गया.
दो दिन तक उसे झारखंड में रखने की बात कह रहे थे अपहरणकर्ता
रिशु ने जीआरपी के अधिकारियों को बताया कि अपहरणकर्ता आपस में हिंदी में बातचीत कर रहे थे. वे उसे दो दिन तक झारखंड में ही रखने की बात कह रहे थे. इस दौरान अपहरणकर्ताओं ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया, ताकि उसकी लोकेशन का भी पता नहीं चले.
हाल ही में बिहार पुलिस की लिखित परीक्षा की है पास
रिशु ने बताया कि उसने हाल ही में आयोजित बिहार पुलिस की लिखित परीक्षा पास की है. दो दिन में उसका शारीरिक परीक्षण (फिजिकल टेस्ट) होने वाला है. छात्र का आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने उसके सभी जरूरी दस्तावेज भी फाड़ दिये. इससे उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.