Dhanbad News: संवाददाता, धनबाद. गया-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22304) पर धोखरा हॉल्ट के पास पत्थरबाजी की घटना सामने आयी है. घटना 28 मार्च की शाम करीब 7:30 बजे की है, जब ट्रेन धोखरा हॉल्ट से गुजर रही थी. इस दौरान अज्ञात लोगों ने कोच सी-2 की खिड़कियों पर पत्थर फेंके, जिससे सीट संख्या 53-54 और 73-74 के पास लगे शीशे टूट गये. हालांकि, इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है. सूचना मिलते ही एस्कॉर्ट पार्टी और रेलवे अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) धनबाद की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया. जांच के दौरान धोखरा हॉल्ट के पास तीन युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया, जो शराब पी रहे थे. पकड़े गये आरोपियों की पहचान लोदना निवासी उत्तम कुमार (32 वर्ष), रवि कुमार बाउरी (18 वर्ष) और एक नाबालिग के रूप में हुई. वर्तमान में वे बीसीसीएल कॉलोनी करमाटांड़ में रह रहे हैं. पूछताछ में तीनों ने नशे की हालत में ट्रेन पर पत्थर फेंकने की बात स्वीकार की. उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी वे इस तरह की हरकत कर चुके हैं. मौके से बीयर के खाली केन, प्लास्टिक गिलास, माचिस और सिगरेट बरामद किए गए हैं. आरपीएफ ने रेलवे एक्ट की धारा 153 के तहत मामला दर्ज किया है. दोनों वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर रेलवे न्यायालय, धनबाद में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेज दिया गया. वहीं, नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है. रेलवे प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ाने की बात कही है.
Dhanbad News: गया-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, तीन गिरफ्तार

Dhanbad News: गया-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, तीन गिरफ्तार
Copied link
Dhanbad News: ग्रैंड कॉर्ड सेक्शन पर धोखरा हॉल्ट के पास की घटना