Dhanbad News: भिखराजपुर में रामनवमी जुलूस पर पथराव, कई घायल, पुलिस ने किया लाठी चार्ज

Dhanbad News: बलियापुर चौक से निकाला गया था बाइक जुलूस, घटना की जांच जारी, दोषियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू

Dhanbad News: बलियापुर चौक से निकाला गया था बाइक जुलूस, घटना की जांच जारी, दोषियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू

Dhanbad News: रामनवमी के अवसर पर निकाले गये जुलूस के दौरान बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर में शुक्रवार की शाम अचानक तनाव फैल गया. असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव किये जाने के बाद दो पक्षों के बीच जमकर झड़प हुई, जिसमें कई युवक घायल हो गये. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति बिगड़ती देख लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित किया. तनाव को देखते हुए भिखराजपुर और आसपास के इलाकों में धारा 163 लागू कर दी गयी है. बताया जाता है कि बलियापुर-झरिया मार्ग पर भिखराजपुर गांव के पास जुलूस पर पथराव किया गया. सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) हेमा प्रसाद, डीएसपी शंकर कामती, सिंदरी डीएसपी आशुतोष सत्यम सहित वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी दलबल के साथ भिखराजपुर पहुंचे. घटना के बाद पुलिस वहां कैंप कर रही है.

भिखराजपुर से बलियापुर चौक तक पुलिस ने कार्रवाई

भिखराजपुर से बलियापुर चौक तक भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. लाठीचार्ज के दौरान भगदड़ मच गयी. इसमें कई लोग जख्मी हो गये. इस दौरान पुलिस द्वारा हवाई फायरिंग करने की भी चर्चा है. हालांकि बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार ने इससे इंकार किया. भिखराजपुर से बलियापुर चौक तक पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. इधर, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने घटना की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया. पुलिस ऐसे तत्वों पर नजर रखते हुए कार्रवाई करे.

दुकानों में भी तोड़फोड़ की गयी

लोगों के अनुसार, रामनवमी को लेकर बलियापुर चौक से बाइक जुलूस निकाला गया था. जुलूस के भिखराजपुर पहुंचते ही पथराव शुरू हो गया. इस दौरान दोनों तरफ से पत्थरबाजी हुई. घटना के दौरान बलियापुर बाजार स्थित कई दुकानों में तोड़फोड़ किये जाने की बात कही जा रही है. घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है. पुलिस ने कई बाइकें जब्त की है. इस संबंध में बलियापुर थानेदार सत्यजीत कुमार ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है. घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. घटना की जांच चल रही है.

उपायुक्त और एसएसपी ने देर रात लिया जायजा

उपायुक्त आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने देर रात बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर का दौरा किया. उपायुक्त ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन के वरीय पदाधिकारी मौके पर पहुंच गये और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया. इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात कर दिये गये हैं. उन्होंने कहा पूरे मामले की जांच की जा रही है. उपद्रव में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में पुलिस गश्त जारी है. डीसी ने लोगों से अपील की कि शांति बनाये रखें. किसी भी तरह की भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें. मौके पर सिटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, डीएसपी शंकर कामती, अरविंद कुमार सिंह, एसडीपीओ सिंदरी आशुतोष सत्यम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.

बलियापुर में अगले आदेश तक निषेधाज्ञा लागू

बलियापुर अंचल के भीखराजपुर चौक, हटिया मोड़, बाजार के एक किलोमीटर के परिधि में शुक्रवार से अगले आदेश तक निषेधाज्ञा लागू किया गया है. एसडीओ लोकेश बारंगे ने शुक्रवार को धार्मिक जुलूस पर असामाजिक व्यक्तियों द्वारा पथराव करने पर सांप्रदायिक तनाव की स्थिति को देखते हुए धार 163 के अंतर्गत निशेधाज्ञा लागू किया है. इस निषेधाज्ञा के जारी होने के बाद बलियापुर क्षेत्र में पांच या उससे अधिक व्यक्ति का आंदोलन के उद्देश्य से एकत्रित होना, किसी प्रकार का धरना, रैली, सभा, प्रदर्शन, ध्वनी विस्तारक यंत्र का उपयोग करने, हरवे हथियार एवं आग्नेयश्स्त्र के साथ चलने अथवा उसके प्रयोग करने पर प्रतिबंध रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >