बेरमो प्रखंड की बैदकारो पश्चिमी पंचायत के समाजसेवी सह मुखिया पति संजय सिंह का निधन हो गया. उनके निधन की खबर से पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी. सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने वाले संजय सिंह के निधन पर जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और समाजसेवियों ने गहरा दुख व्यक्त किया.
निधन की सूचना मिलने पर रविवार को बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार अंतिम यात्रा में शामिल हुए. उन्होंने दिवंगत संजय सिंह की अर्थी को कंधा देकर श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग एवं मदद का भरोसा दिलाया.
बीडीओ मुकेश कुमार ने कहा कि संजय सिंह का निधन उनके परिवार के साथ-साथ पूरे पंचायत क्षेत्र के लिए भी अपूरणीय क्षति है. उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है.
अंतिम यात्रा में पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए. सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की.
